बदलते समय और तकनीकी विकास के साथ शिक्षकों का निरंतर प्रशिक्षण आवश्यक: रमणीक शाह सूद










Listen to this article
  • एस.एम. पब्लिक स्कूल में सीबीएसई के क्षमता निर्माण कार्यक्रम का आयोजन

न्यूज 127, हरिद्वार।
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के तत्वावधान में एस.एम. पब्लिक स्कूल, जगजीतपुर, हरिद्वार के सहयोग से उन्नत जीवन कौशल विषय पर क्षमता निर्माण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहर के विभिन्न विद्यालयों से आए शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

प्रशिक्षण के दौरान उन्नत जीवन कौशल, पाठ योजना निर्माण, जीवन कौशल विकास के मूल्यांकन के विभिन्न तरीके, विद्यार्थियों में जीवन कौशल का विकास, व्यक्तित्व एवं स्वभाव, संवाद कौशल तथा व्यवहारिक कौशल* जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशिक्षण को विभिन्न गतिविधियों, उदाहरणों, प्रदर्शन एवं सहभागितापूर्ण अभ्यासों के माध्यम से प्रभावी और रोचक बनाया गया।

कार्यक्रम में आशा मॉडर्न पब्लिक स्कूल, सहारनपुर की प्रधानाचार्या रुचि शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहीं। विद्यालय की ओर से प्रबंध निदेशक अभिजीत पवार, प्रधानाचार्य रमणीक शाह सूद, उप-प्रधानाचार्या रेखा शर्मा, पूजा सिंह, सोनेका गुलाटी, रूपाली चौधरी, इंदु चौहान, नीलम सिंह, सीमा चौहान, राहुल कुमार एवं प्रज्ञा शर्मा सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने प्रशिक्षण में सहभागिता की।

कार्यक्रम में सम्मिलित सभी अतिथियों एवं प्रतिभागी शिक्षक-शिक्षिकाओं का विद्यालय की ओर से पुष्प अर्पित कर स्वागत किया गया। साथ ही बाहर से आए अतिथियों एवं सभी प्रतिभागियों के लिए जलपान एवं भोजन की समुचित व्यवस्था की गई।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य रमणीक शाह सूद ने सभी प्रतिभागी शिक्षकों एवं सीबीएसई की ओर से आए विषय विशेषज्ञों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि “एक शिक्षक की वास्तविक पहचान उसके निरंतर सीखते रहने, नई जानकारियों को आत्मसात करने और स्वयं को समय के साथ अद्यतन करते रहने में है” उन्होंने कहा कि बदलते समय और तकनीकी विकास के साथ शिक्षकों का निरंतर प्रशिक्षण आवश्यक है, ताकि वे आधुनिक शिक्षण पद्धतियों एवं तकनीकों का प्रभावी उपयोग करते हुए विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर सकें।

उन्होंने आश्वासन दिया कि एस.एम. पब्लिक स्कूल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं शिक्षकों के व्यावसायिक विकास के लिए भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण एवं क्षमता निर्माण कार्यक्रमों को प्रोत्साहित करता रहेगा। उप-प्रधानाचार्या रेखा शर्मा ने सभी अतिथियों, विषय विशेषज्ञों एवं प्रतिभागी शिक्षक-शिक्षिकाओं का धन्यवाद किया।

कार्यक्रम में शामिल शिक्षक-शिक्षिकाओं ने प्रशिक्षण को ज्ञानवर्धक, उपयोगी एवं आनंददायक बताते हुए एस.एम. पब्लिक स्कूल द्वारा की गई व्यवस्थाओं एवं आतिथ्य के लिए विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त किया। यह क्षमता निर्माण कार्यक्रम शिक्षकों के व्यावसायिक विकास, जीवन कौशल आधारित शिक्षा तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं सार्थक पहल सिद्ध हुआ।