न्यूज 127, देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री शिविर कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेशभर से पहुंचे आमजनों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं को लंबित रखने के बजाय उनका त्वरित, प्रभावी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिन मामलों का समाधान जिला या विभागीय स्तर पर संभव है, उन्हें अनावश्यक रूप से शासन स्तर तक खींचना और अटकाना कतई उचित नहीं है।
जनसमस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता
जनसुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री के समक्ष सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, राजस्व, पेंशन, रोजगार और आर्थिक सहायता से जुड़े विभिन्न क्षेत्रीय व व्यक्तिगत मामले आए। प्रत्येक प्रकरण को ध्यानपूर्वक सुनते हुए मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को छोटे-छोटे कार्यों के लिए बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए पूरी सरकारी कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनोन्मुखी बनाया जा रहा है। अधिकारियों की नैतिक जिम्मेदारी है कि वे जनता की फरियाद को पूरी संवेदनशीलता से सुनें और नियमानुसार जल्द राहत पहुंचाएं।
17 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’
मुख्यमंत्री ने बताया कि जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1905 और ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ जैसे कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी बनाया गया है। उन्होंने जानकारी दी कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेश में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है, जिसके तहत ‘सेवा सेतु अभियान’ के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों में बहुउद्देशीय और स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ा जा रहा है। सीएम ने सख्त हिदायत दी कि शिकायतों का निस्तारण महज कागजी औपचारिकता न बने, बल्कि फरियादी को धरातल पर वास्तविक राहत मिलनी चाहिए।
अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो पदक विजेताओं को सराहा
जनसुनवाई के दौरान नौवीं हीरोज अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता-2026 में पदक जीतने वाले उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। स्वर्ण पदक विजेता मन्नू सोनकर, शिवानी दाबसा, मोहम्मद जकी व मुकुल तथा कांस्य पदक विजेता मेघा शर्मा व धनंजय धारीवाल को मुख्यमंत्री ने शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव विनय शंकर पांडेय, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, अपर सचिव जे.सी. कांडपाल, जिलाधिकारी देहरादून डॉ. आशीष चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोभाल सहित तमाम वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।


