न्यूज 127, देहरादून।
उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के केंद्रीय नेतृत्व ने संगठन में बड़ा फेरबदल किया है। पार्टी ने प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम को दायित्व से मुक्त करते हुए उनके स्थान पर वरिष्ठ नेता राम माधव को उत्तराखंड का नया प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया है। वहीं, बांसुरी स्वराज को प्रदेश का नया सह-प्रभारी बनाया गया है।
चुनावी सरगर्मियों के बीच किए गए इस सांगठनिक फेरबदल को भाजपा के चुनावी प्रबंधन और संगठन को मजबूती देने की दिशा में एक अत्यंत महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
उत्तराखंड की कमान संभालने वाले राम माधव राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा के प्रमुख संगठनात्मक पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। जम्मू-कश्मीर और पूर्वोत्तर के राज्यों में पार्टी के रणनीतिक प्रबंधन में उनकी अहम भूमिका रही है। अब विधानसभा चुनाव से ठीक पहले उत्तराखंड में संगठन को नई दिशा देने, नेताओं के बीच समन्वय बनाने और चुनावी रणनीति को धार देने की पूरी जिम्मेदारी उन पर होगी।


