न्यूज 127, देहरादून/रायवाला।
रायवाला थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई हत्या (ब्लाइंड मर्डर) का देहरादून पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतका की सगी पुत्री ने ही अपने प्रेमी के साथ मिलकर पुश्तैनी संपत्ति के लालच में अपनी मां की हत्या की खौफनाक साजिश रची थी। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक 22 सितंबर 2026 को संजय पुंडीर निवासी रानीपोखरी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी 65 वर्षीय मां खजानी देवी (जो रायवाला में अपनी 6 वर्षीय पोती के साथ किराये के मकान में रहती थीं) 21 सितंबर से लापता थीं। जब मकान का ताला तोड़कर देखा गया तो अंदर बाथरूम में खजानी देवी का शव बरामद हुआ। अज्ञात के खिलाफ हत्या (धारा 103(1) BNS) का मामला दर्ज कर एसएसपी दून के निर्देश पर पुलिस की 6 अलग-अलग टीमों का गठन किया गया।
एफएसएल और सर्विलांस टीम ने लगभग 700 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच में पता चला कि मृतका की पुत्री शिल्पा थापा का अपनी मां से पुश्तैनी जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। साथ ही घटना के समय शिल्पा के प्रेमी शिवनारायण पांडे उर्फ सोनू को घर के आसपास देखा गया था। पुलिस ने 25 सितंबर को आरोपी शिवनारायण को शांतिकुंज आश्रम (हरिद्वार) से गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर 26 सितंबर को सह-अभियुक्त शिल्पा थापा को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी शिवनारायण (निवासी भगवानपुर, हरिद्वार) ने बताया कि वह करीब 10 लाख रुपये के कर्ज में डूबा हुआ था। शिल्पा ने उसे लालच दिया था कि उसकी मां के नाम रानीपोखरी में काफी जमीन है, जिसे बेचने पर मिलने वाले पैसों से वे दोनों अलग दुनिया बसा सकते हैं।
शिल्पा ने प्रेमी को अपनी मां को ‘सौतेली मां’ बताकर गुमराह किया था। 21 सितंबर 2026 को तय योजना के तहत शिवनारायण महिला के घर पहुंचा और दोपहर में मौका देखकर खजानी देवी का गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद मकान के बाहर ताला लगाकर फरार हो गया और शांतिकुंज में छिप गया, जबकि शिल्पा उसे पल-पल की जानकारी दे रही थी।
हत्याकांड का पर्दाफाश करने वाली पुलिस टीम में रायवाला थानाध्यक्ष मोहन सिंह, व0उ0नि0 विनोद कुमार, चौकी प्रभारी हरिपुरकलां रघुबीर कप्रवाण और एसओजी ऋषिकेश की टीम शामिल रही।


