हरिद्वार में 29 सितंबर से सजेगा खेलों का महाकुंभ, राज्यसभा सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी का होगा शुभारंभ




Listen to this article

न्यूज 127, हरिद्वार।
जनपद हरिद्वार में खेल प्रतिभाओं को तराशने के उद्देश्य से 29 सितंबर से ‘राज्यसभा सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी’ खेल प्रतियोगिताओं का आगाज होने जा रहा है। तीन दिनों तक चलने वाला यह खेल आयोजन 1 अक्टूबर तक रोशनाबाद स्थित योगऋषि खेल परिसर में आयोजित किया जाएगा।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन तथा मुख्य विकास अधिकारी (CDO) डॉ. ललित नारायण मिश्र के नेतृत्व में आयोजित हो रही इस प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ 29 सितंबर को प्रातः 11:00 बजे मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी द्वारा किया जाएगा।

मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने जानकारी देते हुए बताया कि युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल (उत्तराखंड) के निर्देशों के क्रम में जनपद स्तर पर इन खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में जनपद भर से अंडर-14 एवं अंडर-19 (बालक व बालिका) वर्ग के खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

13 से अधिक खेल स्पर्धाओं का होगा आयोजन
तीन दिवसीय आयोजन के दौरान खिलाड़ियों के बीच एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन, फुटबॉल, वॉलीबॉल, मलखम्ब, हैंडबॉल, बास्केटबॉल, एरोबिक्स, एथलेटिक रेस, रस्साकशी और गोला फेंक जैसी प्रमुख खेल स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिता के अंतिम दिन 1 अक्टूबर को समापन समारोह में विजेता व उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।

खिलाड़ियों के लिए पुख्ता इंतजाम
प्रतियोगिता को सुव्यवस्थित और निर्विघ्न संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। सुरक्षा, स्वच्छता, चिकित्सा, पेयजल, विद्युत, खेल मैदान और निर्णायकों (अंपायरों) की व्यवस्था के लिए संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। आयोजन अवधि के दौरान योगऋषि खेल परिसर में अस्थायी शौचालय, निर्बाध पेयजल और बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। CDO ने सभी विभागीय अधिकारियों को आपस में बेहतर समन्वय बनाकर आयोजन को सफल बनाने की हिदायत दी है।