पल्लवपुरम पुलिस ने सरिया चोरी की वारदात का किया खुलासा, एक गिरफ्तार




Listen to this article

न्यूज 127, मोदीपुरम/मेरठ (जोजो)।
थाना पल्लवपुरम पुलिस ने निर्माणाधीन मकान से लोहा चोरी करने की घटना का सफल अनावरण करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्त की निशानदेही पर चोरी का सरिया और घटना में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पल्लवपुरम फेस-1 मोदीपुरम निवासी हर्ष चौहान पुत्र राजीव कुमार ने थाना पल्लवपुरम पर तहरीर दी थी कि उनके निर्माणाधीन मकान से लोहे का सामान चोरी हो गया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पल्लवपुरम पुलिस टीम (उपनिरीक्षक शाश्वत पटेल, उपनिरीक्षक जीतेन्द्र कुमार, मुख्य आरक्षी अनुज कुमार व अजयपाल) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त अनुभव सिवाच पुत्र परविन्दर (निवासी एकतानगर, पल्लवपुरम) को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से चोरी किए गए लोहे के सरिये के 28 टुकड़े तथा चोरी में प्रयुक्त सफेद रंग की एक्टिवा स्कूटी बरामद की है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पकड़े गए अभियुक्त के खिलाफ पूर्व में भी चोरी के मामले दर्ज हैं। पुलिस ने मुकदमा में संबंधित धाराएं बढ़ाते हुए अभियुक्त के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।