मेरठ परिक्षेत्र में ‘मिशन शक्ति 6.0’ अभियान तेज, डीआईजी ने दिए सुरक्षा के कड़े निर्देश




Listen to this article

न्यूज 127, मेरठ (जोजो):
शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश शासन एवं पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के क्रम में महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन के लिए ‘मिशन शक्ति 6.0’ अभियान को मेरठ परिक्षेत्र में व्यापक स्तर पर लागू कर दिया गया है। इसके तहत परिक्षेत्र में महिला कल्याण और जन-जागरूकता को लेकर विशेष अभियान संचालित किए जा रहे हैं।

पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) मेरठ परिक्षेत्र, कलानिधि नैथानी ने परिक्षेत्र के सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए स्पष्ट किया है कि पर्व-त्योहारों के दौरान महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने भीड़भाड़ वाले दुर्गा पूजा पंडालों, प्रमुख बाजारों, मंदिरों, बस स्टैंडों और शिक्षण संस्थानों के आसपास एंटी रोमियो स्क्वॉड और महिला सुरक्षा दलों की सक्रियता को और अधिक बढ़ाने के सख्त निर्देश दिए हैं।

डीआईजी ने कहा कि अभियानों के दौरान असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाए ताकि महिलाएं और बालिकाएं भयमुक्त होकर त्योहारों का आनंद ले सकें। परिक्षेत्र के सभी जिलों में पुलिस कर्मियों को लगातार गश्त करने और बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी हेल्पलाइन नंबरों के प्रति जागरूक करने के भी निर्देश दिए गए हैं।