न्यूज 127, हरिद्वार।
स्वामी दर्शनानन्द इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी में बुधवार को दीपावली फेस्ट-2026 का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास के साथ किया गया। संस्थान के प्रांगण में आयोजित इस सांस्कृतिक और रचनात्मक महोत्सव में छात्र-छात्राओं ने भारी उत्साह के साथ भाग लेते हुए अपनी छिपी हुई प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ संस्थान की निदेशक डॉ. जयलक्ष्मी, अशोक गौतम और अंजुम सिद्दीकी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने विद्यार्थियों को दीपावली का पर्व आपसी सौहार्द, सांस्कृतिक परंपराओं और रचनात्मकता के साथ मनाने का संदेश दिया।
फेस्ट आयोजन समिति की सदस्य दीपांशी धीमान ने बताया कि इस दौरान दीया सजावट, रंगोली, बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट, थाली सजावट, वॉल पेंटिंग और एकल नृत्य जैसी कई आकर्षक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। वॉल पेंटिंग में शालिनी भंडारी, शुभम कुमार और सोनाक्षी सिंह ने अपनी कला का बेहतरीन प्रदर्शन किया। वहीं, रंगोली प्रतियोगिता में कनिका चौधरी, देवांश, समीक्षा, मुकुल, दिया नेगी, सानिया और सविता ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इसके अलावा दिया नेगी, सानिया, सविता और योगराज सिंह ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में पुरस्कार अपने नाम किए। विद्यार्थियों की इन कलात्मक प्रस्तुतियों ने पूरे परिसर को उत्सवी माहौल में तब्दील कर दिया।
इस सफल आयोजन में पंकज चौधरी, शुभम सिंह राठौर, अनुराग गुप्ता, मल्लिका पाहवा, मेघा चौहान, ज्योति सिंह और देवेंद्र सिंह रावत सहित संस्थान के समस्त शिक्षक और सदस्य उपस्थित रहे।


