न्यूज 127, मेरठ (जोजो) :
आरक्षित पुलिस लाइन मेरठ में ‘वामा सारथी’ (उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन) के तत्वावधान में दीपावली महोत्सव-2026 का भव्य और उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। स्थानीय अध्यक्षा निवि मूर्ति के कुशल निर्देशन में आयोजित इस महोत्सव में पुलिस परिवारों के बीच गजब का उत्साह देखने को मिला, जहाँ महिलाओं और बच्चों ने बढ़-चढ़कर अपनी कलात्मक और सांस्कृतिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर पुलिस परिवार के सदस्यों के लिए रंगोली प्रतियोगिता, दीया मेकिंग, थाली सजावट और ग्रीटिंग कार्ड मेकिंग जैसी तमाम रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इसके अलावा, मनमोहक नृत्य और मधुर गायन प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को सम्मानित कर प्रोत्साहित भी किया गया।

आपसी सद्भाव और पारिवारिक एकजुटता का प्रतीक बना दीपोत्सव
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य पुलिस परिवारों के बीच आपसी सद्भाव, पारिवारिक एकजुटता और सांस्कृतिक सहभागिता को बढ़ावा देना था, ताकि महिलाओं व बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का एक सशक्त मंच मिल सके। महोत्सव के माध्यम से सभी ने सामूहिक रूप से दीपावली की खुशियां साझा कीं।

इस गरिमामयी अवसर पर वामा सारथी की स्थानीय अध्यक्षा निवि मूर्ति, एसपी ग्रामीण की धर्मपत्नी प्राची, पुलिस अधीक्षक अपराध अवनीश कुमार, एएसपी/क्षेत्राधिकारी लाइन दीक्षा भोरिया, क्षेत्राधिकारी एलआईयू अंजू, प्रतिसार निरीक्षक हरपाल सिंह, वेलफेयर शाखा के कर्मचारीगण सहित तमाम पुलिस अधिकारी और पुलिस परिवार की महिलाएं व बच्चे मौजूद रहे।





