न्यूज 127, हरिद्वार।
तीर्थ नगरी हरिद्वार में आगामी सोमवती अमावस्या स्नान पर्व को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। पर्व के दौरान हरकी पैड़ी और अन्य घाटों पर लाखों श्रद्धालुओं के संभावित भारी आगमन को देखते हुए व्यापक सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के कड़े इंतजाम किए गए हैं। इसी क्रम में, ऋषिकुल आयुर्वेदिक कॉलेज सभागार में एसपी ट्रैफिक/क्राइम निशा यादव की अध्यक्षता में स्नान पर्व ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की विस्तृत ब्रीफिंग आयोजित की गई।

बैठक में जानकारी दी गई कि इस बार पूरे मेला क्षेत्र को सुरक्षा की दृष्टि से 02 सुपर जोन, 14 जोन और 44 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। संपूर्ण मेले के प्रभारी अधिकारी एसपी सिटी को बनाया गया है। पुलिस अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात बल को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे हरकी पैड़ी सहित सभी प्रमुख स्नान घाटों, रेलवे स्टेशनों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में कड़ी सतर्कता बरतें। साथ ही, किसी भी संदिग्ध वस्तु के दिखने पर तुरंत बम निरोधक दस्ता (BDS) और श्वान दल को सूचित करने तथा एंटी-सबोटाज चेकिंग के निर्देश दिए गए हैं।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं पर विशेष जोर
ब्रीफिंग के दौरान एसपी ट्रैफिक/क्राइम निशा यादव ने सभी पुलिसकर्मियों को कड़े निर्देश दिए कि वे डयूटी के दौरान शालीनता और दृढ़ता के साथ पेश आएं तथा अनावश्यक मोबाइल का इस्तेमाल बिल्कुल न करें। स्नान पर्व के दिन सुबह दो बजे से ही घाटों पर सो रहे श्रद्धालुओं को सुरक्षित तरीके से जगाकर घाट खाली कराने के निर्देश दिए गए हैं ताकि अन्य आने वाले श्रद्धालुओं को स्नान में असुविधा न हो। इसके अलावा, अत्यधिक भीड़ होने की स्थिति में श्रद्धालुओं को वैकल्पिक घाटों की ओर डायवर्ट करने के लिए पुलों के दोनों किनारों पर रस्सों की व्यवस्था रखने को कहा गया है।
मेले में सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता रखने के लिए पुलिस बल के साथ-साथ जल पुलिस (16 कर्मी), पीएसी (3 कंपनी व 1 प्लाटून), होमगार्ड (250) और पीआरडी (250) के जवान तैनात किए गए हैं। जेबकतरों और उठाईगिरों पर पैनी नजर रखने के लिए सादे वस्त्रों में भी पुलिस बल लगातार भ्रमणशील रहेगा। मेले के दौरान बिछुड़ने वाले श्रद्धालुओं की सहायता के लिए सीसीआर (CCR) में विशेष रूप से ‘खोया-पाया केंद्र’ की स्थापना की गई है।


