न्यूज 127, हरिद्वार।
सोमवती अमावस्या स्नान पर्व पर श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्थाओं को दुरुस्त बनाए रखने के लिए नगर आयुक्त नंदन कुमार ने सोमवार को शहर के विभिन्न गंगा घाटों एवं मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सफाई व्यवस्था, अतिक्रमण और श्रद्धालुओं के आवागमन की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने रोड़ी बेलवाला, हाथी पुल, सुभाष घाट, नाई घाट, संजय पुल, घंटाघर, तिरछा पुल, सीसीआर घाट और शिव घाट सहित विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने नगर निगम की टीम को स्नान पर्व के मद्देनजर घाटों एवं मेला क्षेत्र में विशेष सफाई व्यवस्था बनाए रखने तथा अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को स्नान और आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इसके बाद नगर आयुक्त ने अपर रोड का भी निरीक्षण किया। यहां अतिक्रमण हटाने और सफाई व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के लिए संबंधित सफाई निरीक्षक को निर्देशित किया। उनके निर्देशों पर नगर निगम की टीम ने मेला क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की और घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गंगा घाटों पर नगर निगम की पशु नियंत्रण टीम भी तैनात रही, जिससे आवारा पशुओं के कारण किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।
निरीक्षण के दौरान मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, सफाई निरीक्षक प्रशांत कुमार और धीरेंद्र सेमवाल सहित नगर निगम के कर्मचारी व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने में जुटे रहे।


