न्यूज 127, हरिद्वार।
कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर मंडलायुक्त गढ़वाल आनंद स्वरूप ने सोमवार को हरिद्वार में विभिन्न निर्माण एवं अनुरक्षण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इसके बाद डाम कोठी में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर निर्माण योजनाओं, आधारभूत सुविधाओं और अस्थायी व्यवस्थाओं की प्रगति परखते हुए सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगमता और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
मंडलायुक्त ने सबसे पहले अटल बिहारी वाजपेयी राज्य अतिथि गृह में चल रहे अनुरक्षण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने कुंभ शुरू होने से पहले अतिथि गृह को पूरी तरह व्यवस्थित और सुसज्जित करने के निर्देश दिए। इसके बाद भगत सिंह चौक क्षेत्र में निर्माणाधीन फुटपाथ का जायजा लिया और पैदल यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही के लिए आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा।
अमरापुर घाट और नगर निगम घाट के निरीक्षण के दौरान उन्होंने घाटों के नवनिर्माण एवं अनुरक्षण कार्यों की जानकारी ली। गंगा नहर की क्लोजर अवधि में जलमग्न रहने वाले हिस्सों के निर्माण और मरम्मत का कार्य पूरा होने पर संतोष जताते हुए शेष निर्माण के साथ घाटों की साज-सज्जा और सौंदर्यीकरण शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। अमरापुर घाट के निकट कांवड़ पटरी से सटे हरित क्षेत्र की रेलिंग की पेंटिंग, क्षेत्र को व्यवस्थित करने और सीवर लाइन के लिए बने पुल का रंग-रोगन कराने को भी कहा।
इसके बाद मंडलायुक्त ने बैरागी कैंप, दक्षद्वीप, सतीद्वीप और गौरीशंकर क्षेत्र में कुंभ शिविरों के लिए चल रहे अस्थायी कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने सड़कों, पार्किंग, अस्थायी पुलों, पेयजल और विद्युत आपूर्ति से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए सभी कार्य समानांतर रूप से संचालित करने पर जोर दिया। कहा कि किसी एक कार्य में देरी का असर दूसरी व्यवस्थाओं पर नहीं पड़ना चाहिए।
उन्होंने निर्देश दिए कि प्रतिदिन पूरे हुए कार्यों की प्रगति रिपोर्ट फोटोग्राफ सहित उपलब्ध कराई जाए और सभी कार्यों की अद्यतन स्थिति ऑनलाइन डैशबोर्ड पर दर्ज की जाए। अनावश्यक देरी या लापरवाही मिलने पर संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
डाम कोठी में आयोजित समीक्षा बैठक में मंडलायुक्त ने सड़कों, पुलों, पेयजल और विद्युत आपूर्ति सहित विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने पुलों के निर्माण में तेजी लाने और सभी सेक्टरों में अस्थायी व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए अलग से अधिकारियों की तैनाती करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुंभ-2027 का दिव्य एवं भव्य आयोजन सुनिश्चित करने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें।
अस्थायी व्यवस्थाओं में 70 प्रतिशत से अधिक प्रगति
बैठक में मेलाधिकारी सोनिका ने बताया कि गंगा नहर की क्लोजर अवधि में घाटों के जलमग्न हिस्सों का निर्माण और मरम्मत का महत्वपूर्ण कार्य पूरा करा लिया गया है। स्थायी पुलों का निर्माण समय पर पूरा कराने के लिए दिन-रात काम कराया जा रहा है। गौरीशंकर, बैरागी कैंप, दक्षद्वीप और सतीद्वीप सेक्टरों में अस्थायी सड़कों, पेयजल और विद्युत आपूर्ति से जुड़े कार्यों में 70 प्रतिशत से अधिक प्रगति हासिल की जा चुकी है। अस्थायी पुलों का निर्माण भी जारी है।
उन्होंने बताया कि हरिद्वार में प्रकाश व्यवस्था मजबूत करने के लिए पीआईयू और नगर निगम के माध्यम से करीब 2,500 लाइटें लगाई जा रही हैं। इनमें सोलर लाइटें भी शामिल हैं। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


