न्यूज 127, देहरादून।
उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूड़ी भूषण ने विधानसभा परिसर में अमर शहीद राज्य आंदोलनकारियों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने पृथक राज्य के निर्माण के लिए आंदोलनकारियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि उत्तराखण्ड का निर्माण लंबे संघर्ष, जनआंदोलन और असंख्य आंदोलनकारियों के त्याग एवं बलिदान का परिणाम है। राज्य निर्माण के लिए आंदोलनकारियों ने अनेक कठिनाइयों का सामना किया और अपने प्राणों तक की आहुति दी। उनके संघर्ष के कारण ही आज उत्तराखण्ड अपनी विशिष्ट पहचान और गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत के साथ आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड केवल भौगोलिक पहचान नहीं, बल्कि यहां के लोगों की भावनाओं, आकांक्षाओं और वर्षों के संघर्ष का प्रतीक है। आंदोलनकारियों ने जिस विकसित, खुशहाल और आत्मनिर्भर प्रदेश का सपना देखा था, उसे साकार करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
ऋतु खण्डूड़ी भूषण ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड विकास, सुशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। प्रदेश के सभी क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति दी जा रही है, ताकि आमजन को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने कहा कि राज्य की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं, प्राकृतिक संपदा और पर्यावरण का संरक्षण करते हुए उत्तराखण्ड को सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाना ही अमर शहीद राज्य आंदोलनकारियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। अंत में उन्होंने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राज्य की सुख-समृद्धि, शांति और निरंतर प्रगति की कामना की।


