न्यूज 127, उत्तरकाशी।
उत्तराखंड के विश्व प्रसिद्ध चारधामों में शामिल मां गंगा के उद्गम स्थल श्री गंगोत्री धाम के कपाट मंगलवार, 10 नवंबर को अन्नकूट पर्व के पावन अवसर पर शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। वैदिक मंत्रोच्चार, धार्मिक अनुष्ठानों और विधि-विधान के साथ अभिजीत मुहूर्त में अपराह्न 12 बजकर 05 मिनट पर कपाट बंद करने की प्रक्रिया संपन्न हुई। इसके साथ ही गंगोत्री धाम में छह माह तक चलने वाली शीतकालीन धार्मिक परंपराओं का शुभारंभ हो गया।
कपाट बंद होने के बाद पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था के बीच मां गंगा की उत्सव डोली शीतकालीन प्रवास स्थल मुखबा गांव (मुखीमठ) के लिए रवाना हुई। इस दौरान सेना के बैंड की मधुर धुनों, ढोल-दमाऊ की थाप और मां गंगा के जयकारों से पूरा धाम भक्तिमय हो उठा। डोली की विदाई के साक्षी बनने के लिए सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे। श्रद्धालुओं ने मां गंगा के जयकारों के साथ भावुक माहौल में उत्सव डोली को विदाई दी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मां गंगा की उत्सव डोली का रात्रि विश्राम मां चंडी देवी (मार्कण्डेय पुरी) मंदिर में होगा। इसके बाद बुधवार को भैयादूज के पावन अवसर पर उत्सव डोली मां गंगा के मायके मुखबा (मुखीमठ) पहुंचेगी। यहां विधिवत पूजा-अर्चना के बाद मां गंगा की भोग मूर्ति को आगामी छह माह के लिए विराजमान किया जाएगा।
मुखबा में छह माह तक होंगे मां गंगा के दर्शन
गंगोत्री धाम के कपाट बंद होने के बाद अब शीतकाल में श्रद्धालु मुखबा स्थित मां गंगा के शीतकालीन प्रवास स्थल गंगा मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार मुखबा को मां गंगा का मायका माना जाता है। शीतकाल के दौरान यहीं मां गंगा की पूजा-अर्चना की परंपरा निभाई जाती है।
इधर, उत्तरकाशी पुलिस ने चारधाम यात्रा के सफल एवं सुरक्षित संचालन के साथ-साथ शीतकालीन यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। पुलिस ने शीतकालीन यात्रा और आगामी वर्ष गंगोत्री धाम की यात्रा पर आने वाले सभी श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए सुरक्षित एवं सुगम यात्रा का भरोसा दिलाया है। धार्मिक आस्था, परंपरा और देवभूमि की संस्कृति के अद्भुत संगम के बीच मां गंगा की उत्सव डोली की विदाई ने गंगोत्री धाम में भावुक और भक्तिमय वातावरण बना दिया।


