न्यूज 127, हरिद्वार।
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों में सरगर्मी तेज हो गई है। इसी कड़ी में भाजपा पर्यवेक्षक एवं पूर्व सांसद नरेश बंसल हरिद्वार पहुंचे, जहां डामकोठी में कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और हरिद्वार विधानसभा सीट से टिकट के दावेदारों के साथ लंबी चर्चा और रायशुमारी की।
कार्यकर्ताओं और दावेदारों का उत्साह बढ़ाते हुए नरेश बंसल ने कहा कि कार्यकर्ताओं का जोश और उत्साह ही भाजपा की ताकत है, जिसके दम पर पार्टी हर चुनाव में जीत दर्ज करती है। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत की हैट्रिक बनने और पिछली बार से अधिक सीटें जीतने का दावा किया।
वहीं, टिकट को लेकर उत्साहित दावेदारों ने स्पष्ट किया कि पार्टी जिसे भी मैदान में उतारेगी, सभी मिलकर उसे जिताने के लिए पूरी मेहनत करेंगे। कन्हैया खेवड़िया ने कहा कि कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक सभी कार्यकर्ताओं के आदर्श हैं और दावेदारी करना हर कार्यकर्ता का अधिकार है। उन्होंने बताया कि 2022 में भी उन्होंने टिकट के लिए आवेदन किया था और पार्टी जो भी अंतिम निर्णय लेगी, वे उसका पूरी निष्ठा से पालन करेंगे। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, पूर्व मेयर मनोज गर्ग और विकास तिवारी सहित कई गणमान्य नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।


