मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने की गोवर्धन पूजा कर की प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना




Listen to this article

न्यूज 127, देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री आवास में गौ माता की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने गौ माता को तिलक लगाकर पुष्पमाला पहनाई और पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में गोवर्धन पूजा का विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। यह पर्व प्रकृति, पशुधन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति हमारी आस्था, श्रद्धा और कृतज्ञता का प्रतीक है। भारतीय परंपरा में गौ माता को विशेष स्थान प्राप्त है तथा गौ संरक्षण एवं संवर्धन हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न हिस्सा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गोवर्धन पूजा हमें प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाकर जीवन जीने की प्रेरणा देती है। यह पर्व सभी जीवों के प्रति करुणा, प्रेम और संवेदनशीलता का संदेश भी देता है।

उन्होंने कहा कि गौ सेवा एवं संरक्षण के साथ पर्यावरण और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रकृति के प्रति सम्मान और संरक्षण की भावना को जीवनशैली का हिस्सा बनाकर ही आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित एवं समृद्ध भविष्य सुनिश्चित किया जा सकता है।