देहरादून, हरिद्वार, रुड़की, काशीपुर और हल्द्वानी सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर नई तैनाती
पथ प्रवाह, देहरादून।
उत्तराखंड शासन ने प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा फेरबदल करते हुए 30 आईएएस और पीसीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। बुधवार को कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-1 की ओर से जारी शासनादेश के तहत अधिकारियों के वर्तमान विभागों और पदों में बदलाव करते हुए नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। तबादले तत्काल प्रभाव से लागू किए गए हैं।
शासन के इस फेरबदल में कई जिलों के मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ), अपर जिलाधिकारी (एडीएम), संयुक्त मजिस्ट्रेट और नगर निगमों के आयुक्त बदले गए हैं। देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, चमोली, अल्मोड़ा, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पौड़ी में प्रशासनिक स्तर पर बदलाव किए गए हैं।
देहरादून और पहाड़ी जिलों में बदले सीडीओ
अभिनव शाह को मुख्य विकास अधिकारी देहरादून से हटाकर अपर सचिव पर्यटन एवं अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी पर्यटन विकास परिषद की जिम्मेदारी दी गई है। दीपक सैनी को मुख्य विकास अधिकारी पिथौरागढ़ से मुख्य विकास अधिकारी देहरादून बनाया गया है। प्रवीण कुमार को अपर निदेशक शहरी विकास से मुख्य विकास अधिकारी पिथौरागढ़ भेजा गया है।
अनामिका को मुख्य विकास अधिकारी अल्मोड़ा, दीपक रामचंद्र सेठ को मुख्य विकास अधिकारी चमोली और राहुल आनंद को मुख्य विकास अधिकारी उत्तरकाशी बनाया गया है। जय भारत सिंह को मुख्य विकास अधिकारी उत्तरकाशी से अपर निदेशक शहरी विकास निदेशालय भेजा गया है। अभिषेक त्रिपाठी को मुख्य विकास अधिकारी चमोली से निदेशक पंचायती राज बनाया गया है।
हरिद्वार और रुड़की में महत्वपूर्ण बदलाव
हरिद्वार में कुंभ मेला प्रबंधन को लेकर भी नई तैनाती की गई है। पंकज कुमार उपाध्याय को ऊधमसिंह नगर में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन/नजूल) के पद से हटाकर अपर मेलाधिकारी कुंभ मेला हरिद्वार बनाया गया है। गोपाल राम बिनवाल को नगर आयुक्त रुड़की से अपर मेलाधिकारी कुंभ मेला हरिद्वार की जिम्मेदारी दी गई है।
जितेंद्र कुमार को अपर जिलाधिकारी हरिद्वार से अपर जिलाधिकारी देहरादून एवं विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी बनाया गया है। सूता परमार को अपर जिलाधिकारी देहरादून एवं विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी से नगर आयुक्त नगर निगम रुड़की की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नगर निगमों में भी नई तैनाती
आशिमा गोयल को संयुक्त मजिस्ट्रेट ऊधमसिंह नगर से नगर आयुक्त नगर निगम हल्द्वानी बनाया गया है। नूपुर वर्मा को डिप्टी कलेक्टर पौड़ी से नगर आयुक्त नगर निगम रुद्रपुर की जिम्मेदारी दी गई है।
परितोष वर्मा को नगर आयुक्त हल्द्वानी से नगर आयुक्त काशीपुर बनाया गया है, जबकि रविन्द्र सिंह बिष्ट को नगर आयुक्त काशीपुर से अपर जिलाधिकारी बागेश्वर भेजा गया है। श्याम सिंह राणा को अपर जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग से अपर नगर आयुक्त नगर निगम देहरादून बनाया गया है।
अन्य अधिकारियों को भी मिली नई जिम्मेदारी
रामजी शरण शर्मा को मुख्य विकास अधिकारी अल्मोड़ा से अपर निदेशक सूचना प्रौद्योगिकी एजेंसी (आईटीडीए) बनाया गया है। जीवन सिंह नग्याल को अपर आयुक्त कुमाऊं मंडल से आयुक्त गन्ना एवं चीनी काशीपुर भेजा गया है। त्रिलोक सिंह मर्तोलिया को आयुक्त गन्ना एवं चीनी काशीपुर से अपर आयुक्त कुमाऊं मंडल नैनीताल बनाया गया है।
विवेक प्रकाश को अपर जिलाधिकारी चमोली से आयुक्त गन्ना एवं चीनी काशीपुर तथा प्रधान प्रबंधक चीनी मिल किच्छा की जिम्मेदारी दी गई है। कौस्तुभ मिश्रा को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ऊधमसिंह नगर से उपनिदेशक मंडी परिषद रुद्रपुर बनाया गया है। कमलेश मेहता को डिप्टी कलेक्टर टिहरी से अपर जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग भेजा गया है। विनोद कुमार को डिप्टी कलेक्टर देहरादून से अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ऊधमसिंह नगर बनाया गया है।
इसके अलावा गौरी प्रभात को संयुक्त मजिस्ट्रेट पौड़ी से संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की तथा वैषाली जोशी को संयुक्त मजिस्ट्रेट रानीखेत से संयुक्त मजिस्ट्रेट काशीपुर बनाया गया है। नारायण सिंह नितवाल को अपर जिलाधिकारी बागेश्वर से अपर जिलाधिकारी चमोली की जिम्मेदारी दी गई है।
शासन की ओर से जारी आदेश में सभी संबंधित अधिकारियों को वर्तमान तैनाती से कार्यमुक्त होकर नवीन तैनाती वाले पदों पर तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।


