मेडिकल स्टोर की आड़ में नशीली दवाओं की तस्करी, संचालक गिरफ्तार




Listen to this article

न्यूज 127, रुड़की।
हरिद्वार जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली सिविल लाइन्स रुड़की पुलिस ने नशीले कैप्सूल और प्रतिबंधित इंजेक्शन के साथ एक मेडिकल स्टोर संचालक को गिरफ्तार किया है। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर जिलेभर में नशा तस्करों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 25 और 26 नवंबर 2026 की दरम्यानी रात सिविल लाइन्स रुड़की पुलिस टीम ग्राम भंगेड़ी जाने वाले मार्ग पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान भंगेड़ी की तरफ से आ रहे एक संदिग्ध युवक ने पुलिस टीम को देखते ही पीछे मुड़कर भागने का प्रयास किया। सतर्क पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही दबोच लिया।

तलाशी में आरोपी के पास रखे सफेद प्लास्टिक के डिब्बे से 79 ट्रामाडोल कैप्सूल (स्पासमोविल प्लस) और 8 ब्यूप्रेनॉर्फिन इंजेक्शन (2 एमएल) बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी की पहचान नदीम खान (उम्र करीब 35 वर्ष) पुत्र रियासत, निवासी ग्राम भंगेड़ी, कोतवाली सिविल लाइन्स रुड़की के रूप में हुई, जो गांव में शिफा मेडिकल स्टोर चलाता है। आरोपी ने बताया कि वह यह खेप उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर निवासी एक व्यक्ति से खरीदकर लाया था।

पुलिस ने ड्रग इंस्पेक्टर से संपर्क कर दवाओं के साल्ट की पुष्टि की, जिन्हें NDPS एक्ट के तहत प्रतिबंधित साइकोट्रॉपिक पदार्थ बताया गया। आरोपी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 580/2026, धारा 8/22 NDPS एक्ट में मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।