एक लाख चश्मे बांटने और 10 हजार नेत्र ऑपरेशन का लक्ष्य, मुख्यमंत्री धामी ने किया नेत्र कुंभ-2027 का शंखनाद
News127, देहरादून।
हरिद्वार कुंभ-2027 में आने वाले श्रद्धालुओं को आस्था के साथ निःशुल्क स्वास्थ्य सेवा का लाभ भी मिलेगा। कुंभ के अवसर पर 12 जनवरी से 25 फरवरी 2027 तक 45 दिवसीय नेत्र चिकित्सा महाशिविर आयोजित किया जाएगा। इसमें डेढ़ लाख श्रद्धालुओं की निःशुल्क नेत्र जांच, एक लाख चश्मों का वितरण और 10 हजार नेत्र ऑपरेशन करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। शिविर में मरीजों को निःशुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
रविवार को देहरादून के राजकीय दून मेडिकल कॉलेज, पटेलनगर स्थित सभागार में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नेत्र कुंभ-2027 के शंखनाद कार्यक्रम में प्रतिभाग कर अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने आयोजन के लिए सक्षम एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि नेत्र कुंभ मानव सेवा और परोपकार की भारतीय सांस्कृतिक परंपरा को आगे बढ़ाने वाला सराहनीय अभियान है।

मुख्यमंत्री ने आयोजन समिति को आश्वस्त किया कि नेत्र कुंभ की सफलता के लिए राज्य सरकार और कुंभ मेला प्रशासन हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति में कुंभ केवल आस्था और आध्यात्मिक चेतना का महापर्व नहीं, बल्कि सेवा, सहयोग और सामाजिक समरसता का भी प्रतीक है। हमारी संस्कृति में नर सेवा को नारायण सेवा माना गया है और नेत्र कुंभ इसी भावना को धरातल पर उतारने का माध्यम बनेगा।
उन्होंने कहा कि आज भी आर्थिक अभाव और चिकित्सा सुविधाओं की कमी के कारण अनेक लोग समय पर आंखों की जांच और उपचार नहीं करा पाते। ऐसे लोगों तक निःशुल्क नेत्र चिकित्सा पहुंचाना पुनीत कार्य है। आंखों की रोशनी लौटने से व्यक्ति के जीवन की गुणवत्ता में सुधार होता है और उसका आत्मविश्वास एवं आत्मनिर्भरता भी बढ़ती है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि नेत्र कुंभ की सेवा यात्रा वर्ष 2019 में प्रयागराज कुंभ से शुरू हुई थी। इसके बाद हरिद्वार कुंभ, प्रयागराज महाकुंभ और राजस्थान के रामदेवरा में भी इस अभियान का आयोजन किया गया। इन शिविरों के माध्यम से लाखों लोगों की निःशुल्क नेत्र जांच और हजारों लोगों के ऑपरेशन किए जा चुके हैं। हरिद्वार में वर्ष 2027 में होने वाला आयोजन इस सेवा अभियान को नई ऊंचाई देगा।
उन्होंने कहा कि आगामी हरिद्वार कुंभ में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। राज्य सरकार कुंभ के भव्य, दिव्य और सुरक्षित आयोजन के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां कर रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुगम यातायात और पैदल आवागमन की व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और चिकित्सा जगत से जुड़े लोगों से नेत्र कुंभ में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल, हंस फाउंडेशन की संस्थापक माता मंगला, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पश्चिमी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के क्षेत्र प्रचारक महेंद्र कुमार, सक्षम के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. दयाल सिंह पंवार, नेत्र कुंभ आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन, सक्षम उत्तराखंड के प्रांत अध्यक्ष एवं आयोजन समिति के प्रबंध प्रमुख ललित प्रसाद पंत, उपाध्यक्ष सुरेंद्र मित्तल, महासचिव डॉ. अनुज सिंघल सहित विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


