बड़े स्नान पर्वों से पहले ठोस अपशिष्ट प्रबंधन दुरुस्त करने पर जोर News127, हरिद्वार।
आगामी स्नान पर्वों और कुंभ-2027 की तैयारियों के मद्देनजर नगर निगम ने हरकी पैड़ी क्षेत्र की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में अपर मेलाधिकारी एवं नगर आयुक्त नंदन कुमार (आईएएस) ने हरकी पैड़ी क्षेत्र के विभिन्न घाटों का निरीक्षण कर सफाई, अतिक्रमण और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को घाटों पर नियमित सफाई सुनिश्चित करने और व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने घाट क्षेत्र में जहां भी मरम्मत की आवश्यकता है, वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्य शीघ्र पूरा कराने को कहा। उन्होंने आगामी बड़े स्नान पर्वों के दृष्टिगत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण मिल सके।
इस दौरान नगर आयुक्त ने घाट क्षेत्र के व्यापारियों से भी संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
घाटों पर अतिक्रमण रोकने को लेकर भी अधिकारियों को सख्त हिदायत दी गई। नगर आयुक्त ने वहां तैनात होमगार्ड जवानों को निरंतर निगरानी रखने और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए। साथ ही प्लास्टिक एवं अन्य प्रतिबंधित सामग्री को घाट क्षेत्र में प्रवेश करने से रोकने के लिए सतत निगरानी करने को कहा।
नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि हरकी पैड़ी क्षेत्र में स्वच्छता और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखना प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, सहायक नगर आयुक्त प्रशांत पांडेय सहित नगर निगम के कर्मचारी एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


