News127, देहरादून।
फिटनेस को जीवनशैली बनाने और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रविवार को फिट इंडिया ‘संडेज ऑन साइकिल’ के 100वें संस्करण का देहरादून में उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में 100 साइकिल चालकों सहित लगभग 300 फिटनेस प्रेमियों ने भाग लेकर स्वस्थ जीवनशैली, पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्त समाज का संदेश दिया।
कार्यक्रम भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के क्षेत्रीय केंद्र लखनऊ द्वारा खेल निदेशालय उत्तराखंड एवं महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के सहयोग से आयोजित किया गया। इसका नेतृत्व खेल निदेशालय उत्तराखंड के सहायक निदेशक राजेश ममगाईं ने किया। इस अवसर पर भारतीय खेल प्राधिकरण लखनऊ के सहायक निदेशक प्रवीण कुमार सीएम तथा खेल निदेशालय उत्तराखंड के सहायक निदेशक संजीव कुमार पौरी भी मौजूद रहे।
राजेश ममगाईं ने कहा कि देहरादून का इस ऐतिहासिक 100वें संस्करण का हिस्सा बनना गर्व का विषय है। संडे ऑन साइकिल जैसी पहल फिटनेस को जनआंदोलन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। भारत की 2036 ओलंपिक खेलों की मेजबानी की आकांक्षा को साकार करने के लिए जमीनी स्तर पर खेल संस्कृति को मजबूत करना जरूरी है। प्रत्येक नागरिक, विशेषकर युवाओं को फिटनेस को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। फिट उत्तराखंड ही फिट इंडिया और मजबूत खेल राष्ट्र के निर्माण में योगदान देगा।

इस विशेष आयोजन को देशभर में ओलंपिक आंदोलन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘इंडिया रेडी फॉर ओलंपिक’ थीम पर आयोजित किया गया। देहरादून सहित देश के 100 प्रमुख स्थलों और प्रत्येक जिले में कार्यक्रम हुए। प्रतिभागियों ने ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ के संकल्प के साथ नशामुक्त भारत की शपथ भी ली।
गौरतलब है कि 17 दिसंबर 2024 को नई दिल्ली के मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम से ‘पॉल्यूशन का सॉल्यूशन’ संदेश के साथ शुरू हुई इस पहल ने अब तक लगभग 40 लाख संचयी भागीदारी दर्ज की है। वर्तमान में यह अभियान देशभर के करीब 10 हजार स्थानों पर आयोजित हो रहा है और 6 हजार से अधिक फिट इंडिया नमो साइकिलिंग क्लब स्थापित किए जा चुके हैं।
काशीपुर में फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल का शतक, 250 से अधिक लोगों ने लिया हिस्सा
पथ प्रवाह, काशीपुर।
फिटनेस को जनआंदोलन बनाने के उद्देश्य से संचालित फिट इंडिया ‘संडेज ऑन साइकिल’ अभियान के 100वें संस्करण का रविवार को काशीपुर में भव्य आयोजन किया गया। भारतीय खेल प्राधिकरण के खेल प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, स्टाफ सदस्यों और स्थानीय फिटनेस प्रेमियों सहित 250 से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत साइकिल रैली से हुई। रैली के माध्यम से प्रतिभागियों ने नियमित व्यायाम, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। इसके बाद आयोजित जुम्बा और एरोबिक्स सत्र में प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। आयोजन को मनोरंजक बनाने के लिए रस्साकशी, बोरा दौड़ और रस्सी कूद जैसी प्रतियोगिताएं भी कराई गईं। इन गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों ने टीम भावना, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया।
इस अवसर पर प्रतिभागियों ने ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ के ध्येय वाक्य के साथ नशामुक्त भारत के निर्माण की शपथ ली। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखते हुए उन्हें शारीरिक गतिविधियों और खेलों के प्रति प्रेरित करना रहा।
फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल का यह 100वां संस्करण भारत में ओलंपिक आंदोलन को समर्पित रहा। ‘इंडिया रेडी फॉर ओलंपिक’ थीम के तहत देश के 100 प्रमुख स्थलों और प्रत्येक जिले में कार्यक्रम आयोजित किए गए। देशभर में 600 से अधिक जिलों में साइकिल रैलियां निकाली गईं, जिनमें डेढ़ लाख से अधिक माई भारत स्वयंसेवकों ने भागीदारी की।
उल्लेखनीय है कि 17 दिसंबर 2024 को नई दिल्ली के मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम से लगभग 500 साइकिल चालकों के साथ शुरू हुए इस अभियान ने अब तक देशभर में करीब 40 लाख संचयी भागीदारी दर्ज की है। वर्तमान में यह साप्ताहिक अभियान लगभग 10 हजार स्थानों पर संचालित हो रहा है। इसके साथ ही देशभर में 6 हजार से अधिक फिट इंडिया नमो साइकिलिंग क्लब स्थापित किए जा चुके हैं। यह पहल मोटापे के विरुद्ध जागरूकता, नशामुक्त जीवनशैली, पर्यावरण संरक्षण और खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।


