पति के इंतजार में अस्पताल ने नहीं किया भर्ती, सुभाष घाट पर खुले आसमान के नीचे हुआ प्रसव




Listen to this article

महिला अस्पताल से लौटाई गई बेघर गर्भवती ने बच्ची को दिया जन्म News127हरिद्वार।

हरिद्वार के महिला अस्पताल की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। अस्पताल का संचालन कर रही निजी कंपनी एनपीपीएल पर एक गर्भवती महिला को भर्ती नहीं करने का गंभीर आरोप लगा है। आरोप है कि प्रसव पीड़ा से परेशान महिला को पति के आने के बाद ही भर्ती करने की बात कहकर अस्पताल से लौटा दिया गया। इसके कुछ समय बाद महिला ने हरकी पैड़ी स्थित सुभाष घाट पर खुले आसमान के नीचे बच्ची को जन्म दे दिया। घटना से घाट पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। एक श्रद्धालु की सूचना पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और पुलिस की मदद से जच्चा-बच्चा को अस्पताल पहुंचाया गया।

जानकारी के अनुसार ज्योति नाम की महिला गंगा घाट के आसपास भीख मांगकर जीवनयापन करती है। प्रसव पीड़ा शुरू होने पर वह महिला अस्पताल पहुंची थी। महिला का आरोप है कि अस्पताल में मौजूद एनपीपीएल के कर्मचारियों ने उसे भर्ती करने से इनकार कर दिया। कथित तौर पर उससे कहा गया कि पति के आने के बाद ही उसे भर्ती किया जाएगा। इसके बाद महिला को अस्पताल से वापस लौटना पड़ा। अस्पताल से लौटने के कुछ समय बाद ही सुभाष घाट पर उसकी प्रसव पीड़ा बढ़ गई और उसने खुले आसमान के नीचे बच्ची को जन्म दे दिया।

घाट पर अचानक हुए प्रसव की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद श्रद्धालु और स्थानीय लोग मदद के लिए आगे आए। एक श्रद्धालु ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिसकर्मियों ने भी मौके पर पहुंचकर सहायता की। इसके बाद जच्चा-बच्चा को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया।

सुपरवाइजर पर छेड़छाड़ के आरोप से भी विवादों में रही कंपनी

एनपीपीएल की कार्यप्रणाली पर पहले भी सवाल उठ चुके हैं। कंपनी के एक सुपरवाइजर पर महिला तीमारदारों के साथ कथित छेड़छाड़ के आरोप लगे थे, जिसके बाद उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। उस मामले में आरोपित की आपराधिक पृष्ठभूमि को लेकर भी सवाल उठे थे। अब गर्भवती महिला को भर्ती नहीं किए जाने के आरोप ने अस्पताल प्रबंधन और कंपनी की निगरानी व्यवस्था को फिर विवादों में ला दिया है।

स्वास्थ्य विभाग की निगरानी पर उठे गंभीर सवाल

सुभाष घाट की घटना ने महिला अस्पताल की आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं और स्वास्थ्य विभाग की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रसव पीड़ा की स्थिति में पहुंची महिला को कथित तौर पर पति की मौजूदगी की शर्त पर भर्ती नहीं करना बेहद गंभीर मामला है। सवाल यह है कि यदि महिला की हालत बिगड़ जाती या खुले घाट पर प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की जान पर बन आती तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होती? अब देखना होगा कि स्वास्थ्य विभाग इस पूरे मामले का संज्ञान लेकर अस्पताल प्रबंधन और संबंधित कर्मचारियों की जवाबदेही तय करता है या नहीं।