इंदिरा गांधी की स्मृति में कबड्डी प्रतियोगिता, बालिका वर्ग में भोगपुर और बालक वर्ग में हरिद्वार की टीम ने मारी बाजी




Listen to this article

News127, हरिद्वार।
पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की स्मृति में युवा कांग्रेस की ओर से कनखल स्थित राजकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में हरिद्वार गोल्ड कप बालक-बालिका कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों की दस टीमों ने प्रतिभाग किया। रोमांचक मुकाबलों के बाद बालिका वर्ग में जस्सी स्पोर्ट्स एकेडमी भोगपुर और बालक वर्ग में एसपी क्लब हरिद्वार ने खिताब अपने नाम किया।

प्रतियोगिता संयोजक नितिन तेश्वर और वीरेंद्र श्रमिक ने बताया कि युवा कांग्रेस की ओर से प्रतिवर्ष इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है। इसका उद्देश्य सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले बालक-बालिकाओं को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में भी प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत उन्हें उचित अवसर, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन देने की है। युवा कांग्रेस ऐसे प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रयासरत है।

कोच भारत भूषण और दिव्यांश अग्रवाल ने बताया कि प्रतियोगिता में हरिद्वार, रुड़की, लक्सर, टांडा भागमल, बहादराबाद, झबरेड़ा, भोगपुर और रोशनाबाद सहित विभिन्न क्षेत्रों के स्पोर्ट्स क्लबों की दस टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबले में बालिका वर्ग के तहत जस्सी स्पोर्ट्स एकेडमी भोगपुर ने एचआर एकेडमी को पराजित कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। वहीं बालक वर्ग में एसपी क्लब हरिद्वार ने यूथ क्लब को हराकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।

इस अवसर पर संतोष चौहान ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं। उन्हें नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा खेल गतिविधियों में लगानी चाहिए। खेल न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक विकास का भी सशक्त माध्यम हैं। खेलों से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित होती है।

प्रतियोगिता में दीपक सैनी, नैंसी और सोनिया ने रेफरी की भूमिका निभाई। इस दौरान अशोक शर्मा, शुभम जोशी, विवेक जकारिया, ऋषभ अरोड़ा, मयंक त्यागी, शुभम अग्रवाल, यश शर्मा, तरुण व्यास, विवेक भूषण विक्की, नीरजा शाह, अंकुर सैनी, विशाल अग्रवाल, माधुरी गुप्ता, ऋतु राठौर, लक्की महाजन, अनिल भास्कर, आशी नेगी, अंजली, अंशुल, मनप्रीत, इशिका और वंशिका सहित अनेक लोग मौजूद रहे।