News127, पौड़ी।
किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रदेशभर में वृहद किसान ऋण मेलों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में रविवार को पौड़ी जिले के थलीसैंण विकासखंड के दूरस्थ क्षेत्र बूंगीधार में सहकारिता विभाग की ओर से किसान ऋण मेला आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने 120 किसानों को पंडित दीनदयाल उपाध्याय ब्याजमुक्त ऋण योजना के तहत कुल 1 करोड़ 60 लाख रुपये के ऋण वितरित किए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आह्वान पर प्रदेश के सभी 95 विकासखंडों में वृहद किसान ऋण मेले आयोजित किए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य किसानों को उनके क्षेत्र में ही सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है, ताकि दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों के किसानों को ऋण के लिए अनावश्यक भागदौड़ न करनी पड़े।
उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ब्याजमुक्त ऋण योजना किसानों के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से किसान कृषि और उससे जुड़ी अन्य गतिविधियों के लिए बिना ब्याज ऋण प्राप्त कर सकते हैं। ऋण की धनराशि का उपयोग बीज, खाद, कृषि उपकरणों की खरीद के साथ ही आजीविका के नए साधन विकसित करने में किया जा सकता है।
सहकारिता मंत्री ने कहा कि सहकारी बैंकों के माध्यम से किसानों को समय पर ऋण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। इससे न केवल ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। उन्होंने किसानों से सरकार की योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला सहकारी बैंक कोटद्वार के अध्यक्ष पंकज रावत ने की। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य अंजली जोशी एवं रजनी, ब्लॉक प्रमुख सुनीता रावत, जिला सहायक निबंधक सुमन कुमार, पूर्व जिला पंचायत सदस्य अमर सिंह नेगी, जिला सहकारी बैंक के महाप्रबंधक संजय रावत, मनोज रमोला, जयेश प्रभु, मनवर सिंह, पुष्पेंद्र भंडारी और नवीन जोशी सहित सहकारिता विभाग एवं जिला सहकारी बैंक के अधिकारी-कर्मचारी, सहकारी समितियों के सचिव, स्थानीय जनप्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।


