सुसाइड नोट में युवती और उसकी मां पर प्रताड़ना का आरोप, जहरीले पदार्थ के सेवन से मौत




Listen to this article

पिता की तहरीर और सुसाइड नोट के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस

News127, लक्सर।
लक्सर क्षेत्र में 24 वर्षीय युवक की जहरीले पदार्थ का सेवन करने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक की जेब से मिले कथित सुसाइड नोट में एक युवती और उसकी मां पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया गया है। मृतक के पिता की तहरीर और सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, सुल्तानपुर चौकी क्षेत्र के इस्माइलपुर गांव निवासी अजय कुमार (24) ने शनिवार को गांव से बाहर संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर एक ग्रामीण ने इसकी सूचना परिजनों को दी। परिजन मौके पर पहुंचे और उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गए। युवक की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।

इसके बाद परिजन अजय को कनखल स्थित रामकृष्ण परमहंस अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया, लेकिन शनिवार रात करीब दस बजे उसकी मौत हो गई। बताया गया कि उपचार के दौरान युवक की जेब से एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें उसने अपनी मौत के लिए एक युवती और उसकी मां को जिम्मेदार ठहराया है।

युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के पिता अनिल कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि युवती और उसकी मां उनके बेटे को लगातार प्रताड़ित कर रही थीं। इसी से परेशान होकर अजय ने यह कदम उठाया। उन्होंने पुलिस से दोनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

लक्सर कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि इस्माइलपुर निवासी अजय पुत्र अनिल कुमार की जहरीले पदार्थ का सेवन करने से मौत हुई है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पिता की तहरीर और सुसाइड नोट के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। युवती और उसकी मां पर लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।