एकेश्वर में मेगा शिविर का आयोजन, 177 श्रमिकों को शिक्षण, 160 को स्वच्छता और 180 को पोषण किट वितरित
News127, पौड़ी।
प्रदेश के विकास में श्रमिकों का योगदान अतुलनीय है। सड़क, पुल, भवन, विद्यालय और अस्पताल जैसी आधारभूत सुविधाओं के निर्माण में श्रमिक महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके कल्याण, सुरक्षा और सम्मान को सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। यह बात कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने रविवार को विकासखंड मुख्यालय एकेश्वर में उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की ओर से आयोजित मेगा शिविर में कही।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि शिविरों के माध्यम से श्रमिक परिवारों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। श्रमिकों के बच्चों को शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराने से उनकी शिक्षा को प्रोत्साहन मिलेगा। वहीं स्वच्छता सामग्री और पोषण किट के वितरण से श्रमिक परिवारों में स्वच्छता एवं बेहतर पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।
उन्होंने शिविर में श्रमिकों के लिए 46 प्रकार की स्वास्थ्य जांचों की सुविधा उपलब्ध कराने को भी महत्वपूर्ण पहल बताया। कहा कि कठिन परिस्थितियों में काम करने वाले श्रमिकों के लिए नियमित स्वास्थ्य परीक्षण बेहद जरूरी है। इससे उन्हें अपनी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी मिलने के साथ ही समय पर चिकित्सकीय परामर्श और उपचार की सुविधा भी मिल सकेगी।
सतपाल महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में केंद्र एवं प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण और उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। श्रमिकों और उनके परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए इस तरह के शिविर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
मेगा शिविर में 177 श्रमिकों को शिक्षण सामग्री किट, 160 श्रमिकों को स्वच्छता किट तथा 180 श्रमिकों को पोषण किट वितरित की गई। शिविर में कुल 180 श्रमिकों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री ने विभागीय एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। एंबुलेंस का संचालन एकेश्वर और आसपास के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए किया जाएगा।
कार्यक्रम में श्रम निरीक्षक एमके बेलवाल, राकेश नैथाणी, सुनील रावत, दर्शन दानू, शुयश रावत, नरेंद्र डंडरियाल, सत्यराज सिंह, गणेश, डॉ. मनमोहन घिल्डियाल, अशोक पुंडीर, देवेंद्र भट्ट, सीमा सजवाण, श्रमायुक्त एसएस रांगड़, राजेश्वर जाशी और पंकज डोबरियाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


