डॉ. मायाराम उनियाल और डॉ. गोपाल कृष्ण गर्ग को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड
News127, हरिद्वार। उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय के ऋषिकुल परिसर में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय एलुमनाई मीट-कम-वर्कशॉप में देशभर से 350 से अधिक पूर्व विद्यार्थी, आयुर्वेद विशेषज्ञ और चिकित्सक जुटे। ऋषिकुल स्नातक एवं स्नातकोत्तर एसोसिएशन की ओर से आयोजित सम्मेलन में आयुर्वेद की वर्तमान स्थिति, भविष्य की संभावनाओं, शोध, शिक्षा और चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार पर व्यापक मंथन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ आयुष एवं आयुष शिक्षा मंत्री मदन कौशिक ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने आकर्षक रंगोली सजाई और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अतिथियों का स्वागत किया।
मदन कौशिक ने कहा कि आयुर्वेद भारत की प्राचीन और वैज्ञानिक चिकित्सा परंपरा है। बदलते समय में इसे आधुनिक आवश्यकताओं और वैज्ञानिक अनुसंधान के साथ जोड़कर आगे बढ़ाना जरूरी है। राज्य सरकार आयुर्वेद के संरक्षण, संवर्धन, शिक्षा, शोध और चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने ऋषिकुल महाविद्यालय एवं फार्मेसी के विकास, चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि आगामी कुंभ मेले में श्रद्धालुओं को आयुर्वेदिक चिकित्सा, पंचकर्म, योग और स्वास्थ्य परामर्श की सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पर्याप्त बजट और कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
मंत्री ने बताया कि ऋषिकुल परिसर में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय के नाम पर प्राच्य शोध संस्थान की स्थापना की योजना अंतिम चरण में है। इससे आयुर्वेद, योग और प्राच्य विद्या से जुड़े शोध को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने आयुर्वेद के इंटर्न विद्यार्थियों को एलोपैथिक विद्यार्थियों के समान मानदेय उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता भी जताई।
कुलपति प्रो. अरुण कुमार त्रिपाठी ने कहा कि विश्वविद्यालय आयुर्वेद शिक्षा की गुणवत्ता, अनुसंधान और चिकित्सकीय सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है। पूर्व विद्यार्थियों का अनुभव और विशेषज्ञता वर्तमान पीढ़ी के विद्यार्थियों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी।
निदेशक डॉ. रविंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि ऋषिकुल ने देश को अनेक प्रतिष्ठित चिकित्सक, शिक्षक और शोधकर्ता दिए हैं। परिसर निदेशक डॉ. ओपी सिंह ने कहा कि एलुमनाई मीट पुराने संबंधों को पुनर्जीवित करने के साथ विद्यार्थियों को वरिष्ठ विशेषज्ञों से सीखने का अवसर प्रदान करेगी।
एसोसिएशन अध्यक्ष प्रो. बीके अग्निहोत्री ने कहा कि संगठन का उद्देश्य पूर्व विद्यार्थियों को साझा मंच उपलब्ध कराना और आयुर्वेद के विकास में उनके सामूहिक योगदान को सुनिश्चित करना है। ड्रग कंट्रोलर डॉ. मिथिलेश कुमार ने आयुर्वेदिक औषधियों की गुणवत्ता, शुद्धता और मानकीकरण के महत्व पर प्रकाश डाला।
दो वरिष्ठ चिकित्सकों को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड
समारोह में आयुर्वेद के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉ. मायाराम उनियाल और डॉ. गोपाल कृष्ण गर्ग को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया। वहीं डॉ. किशोर गोयल ने संस्था के विकास के लिए एक लाख रुपये की सहयोग राशि प्रदान की।
कार्यक्रम के दौरान बैद्यनाथ, डाबर सहित विभिन्न कंपनियों ने आयुर्वेदिक औषधियों की प्रदर्शनी भी लगाई। इसमें प्रतिभागियों को विभिन्न औषधियों और उत्पादों की जानकारी दी गई।
एसोसिएशन के सचिव डॉ. वेद भूषण शर्मा और प्रचार सचिव डॉ. अवनीश कुमार उपाध्याय ने कहा कि सम्मेलन में पूर्व विद्यार्थी अपनी उपलब्धियों और अनुभवों को साझा कर नई पीढ़ी के चिकित्सकों का मार्गदर्शन कर रहे हैं। कार्यक्रम का संचालन डॉ. मनीषा और डॉ. पारुल शर्मा ने किया।


