नगर निगम में दलालों की नो एंट्री, जानिए पूरी खबर




Listen to this article

नवीन चौहान, हरिद्वार। मेयर अनिता शर्मा ने कहा कि नगर निगम में दलालों की एंट्री बंद कर दी गई है। वार्ड के पार्षदों को ही लाईट दी जायेगी। इन लाईटों का प्रयोग हरिद्वार नगर निगम क्षेत्र को रोशन करने के लिये किया जायेगा। उन्होंने क्षेत्र की जनता को अपना अमूल्य वोट देकर उनका आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि वह सभी पार्षदों और शहर के गणमान्य नागरिकों के सहयोग से नगर निगम क्षेत्र के हितों के लिये कार्य करेंगी।

सोमवार को प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता करने पहुंची मेयर अनिता शर्मा ने जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनका पूरा फोकस नगर निगम क्षेत्र की सफाई व्यवस्था पर रहेगा। पूरा नगर निगम क्षेत्र साफ और सुंदर दिखे यही उनकी इच्छा है। उन्होंने कहा कि नगर निगम में आर्थिक व्यवस्था को बेहतर बनाया जायेगा। किराया वसूली और आय के अन्य मार्ग तलाशे जायेंगे। क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों के समय-समय पर सुझाव लिये जायेंगे। भाजपा, कांग्रेस सहित सभी पार्षदों को साथ लेकर सदन चलाया जायेगा। मेयर अनिता शर्मा के पति वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अशोक शर्मा ने कहा कि नगर निगम के दलालों की एंट्री बंद कर दी गई है। मेयर, पार्षदों और जनता की मांग पर लाईट लगाई जायेगी। सीमित खर्च में नगर निगम को चलाया जायेगा। प्रेस वार्ता के दौरान पूर्व राज्यमंत्री संजय पालीवाल, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता
प्रदीप चौधरी, महानगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल, पूर्व पालिकाध्यक्ष सतपाल ब्रहमचारी, पार्षद राजीव भार्गव, अनुज शर्मा,शुभम अग्रवाल, नकुल माहेश्वरी सहित तमाम कांग्र्रेसी नेता मौजूद रहे।