नवीन चौहान
उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का सोमवार को दिल्ली एम्स में इलाज के दौरान देहांत हो गया। उनके देहांत से परिवार में शोक छा गया है। योगी आदित्यनाथ अपने पिता आनंद सिंह बिष्ट से अक्टूबर 2017 में मिले थे तब वह उनसे मिलकर भावुक हो गए थे।
सीएम योगी अपने पिता से बिजनौर जिले के नजीबाबाद में कॉपरेटिव शुगर मिल की डिस्टलरी के उद्धाटन के दौरान मिले थे। यहां उनसे मिलने के लिए पिता आनंद सिंह बिष्ट स्वयं पहुंचे थे। यहां अपने पिता आनंद सिंह बिष्ट को सीएम योगी ने शॉल ओढ़ा कर सम्मानित किया था। इस दौरान वह अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख पाए और भावुक हो गए थे।
करीब 10 मिनट की मुलाकात में योगी ने पिता के स्वास्थ्य और परिवार के बारे जानकारी ली थी। पिता आनंद सिंह बिष्ट अपने पोते अविनाश मोहन बिष्ट व मित्र प्रकाश जोशी के साथ इस कार्यक्रम में आए थे। गौरतलब है कि योगी आदित्यनाथ पौड़ी जिले में यमकेश्वर ब्लाक के ग्राम बिथ्याणी के रहने वाले हैं।