गगन नामदेव
बिहार के विधानसभा चुनाव में सबसे बड़े दल के रूप में भारतीय जनता पार्टी की विजयश्री सुनिश्चित होने पर और मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के उप चुनाव में सर्वाधिक सीटें जीतने पर भाजपा मंडल हरिद्वार के कार्यकर्ताओं ने दूधाधारी चौक पर एक दूसरे को मिठाई खिलाकर और आतिशबाजी कर खुशी जताई। उन्होंने जोरदार नारेबाजी की।
मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र तिवारी के नेतृत्व में कार्यक्रम किया। उन्होंने कहा कि आज बिहार की जनता ने एक बार फिर से यह सिद्ध कर दिया है कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सुशासन और नीतीश कुमार की ईमानदारी को अपना जनादेश देती है। मध्यप्रदेश के उपचुनाव में भी वहां की जनता ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में अपनी आस्था व्यक्त की है। जिला महामंत्री विकास तिवारी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता आधारित दल है। सुशासन और अंत्योदय के सिद्धांत को लेकर जिस प्रकार पार्टी पूरे देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में काम कर रही है उस पर एक बार फिर देश की जनता ने मोहर लगाई है। उन्होंने कहा कि बिहार, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के इन चुनाव परिणामों की पुनरावृति उत्तराखंड में भी 2022 में होगी। आज के आतिशबाजी कार्यक्रम में मंडल महामंत्री तरुण नैयर, मंडल उपाध्यक्ष भास्कर जोशी, भाजयुमो महामंत्री चंद्रकांत पांडे, उपाध्यक्ष दिनेश पांडे, मंडल मीडिया प्रभारी विकल राठी, इष्टदेव सोनी, सुंदर शर्मा, संतोष पांडे, प्रेम राणा, सूर्य प्रकाश शर्मा आदि शामिल हुए।
बिहार में सबसे बड़े दल के रूप में आने पर भाजपा नेताओं ने मनाई खुशी



