नवीन चौहान.
प्रदेश के रुद्रप्रयाग जिले से एक दुष्कर्म की घटना सामने आयी है। जिले के एक गांव की रहने वाली मानसिक रूप से कमजोर युवती के पिता ने गांव के ही प्रधान समेत तीन लोगों पर बेटी के साथ सामुहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। तहरीर के आधार पर राजस्व पुलिस ने केस दर्ज कर मामला सिविल पुलिस को स्थानांतरित कर दिया है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक घटना 23 अगस्त की बतायी गई है। आरोप है कियुवती गाय चराने के लिए जंगल गई हुई थी। वहां ग्राम प्रधान के साथ एक स्थानीय और एक नेपाली व्यक्ति ने उससे दुष्कर्म किया। पीड़िता जब घर पहुंची तब उसने पूरी घटना अपनी मां को बतायी। 25 अगस्त को पीड़िता के पिता ने राजस्व उप निरीक्षक चौकी में ग्राम प्रधान सहित तीन लोगों के खिलाफ तहरीर दी।
राजस्व उप निरीक्षक नरेंद्र रावत के मुताबिक डीएम के आदेश पर केस को रेगुलर पुलिस को स्थानांतरित कर दिया है। पीड़िता के पिता का कहना है कि घटना को एक सप्ताह से अधिक समय हो गया है, लेकिन अभी तक आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है। आरोपी खुला घूम रहे हैं।
पुलिस उपाधीक्षक प्रबोध कुमार घिल्डियाल का कहना है कि आईपीसी की धारा 376 में एक मामला उन्हें शुक्रवार को मिला है। पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी गई है। राजस्व उप निरीक्षक से जानकारी ली जा रही है। जांच के आधार पर दोषियों पर कार्रवाई होगी।