टिकट मिला अम्बरीश को और बधाई दे रहे कांग्रेसी भाजपा के निशंक को




नवीन चौहान
हरिद्वार। लम्बी प्रतीक्षा के बाद कांग्रेस ने हरिद्वार सीट से अम्बरीश कुमार को अपना प्रत्याशी बनाया है। अम्बरीश कुमार के कांग्रेस प्रत्याशी घोषित होने के बाद भाजपा प्रत्याशी को बधाई मिलने का सिलसिला जारी हो गया है। बधाई कोई और नहीं स्वंय कांग्रेस के नेता दे रहे हैं। इससे अनुमान लगाया जा सकता है कि हरिद्वार सीट पर चुनावी समीकरण कैसे रहेंगे।
सभी जानते हैं कि भाजपा और कांग्रेस ने अपने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा में प्रत्याशियों को लम्बा इंतजार करवाया। इसमें भी कांग्रेस पीछे रही। और शनिवार देर शाम को कांग्रेस ने उत्तराखण्ड में प्रत्याशियों की सूची जारी की। हालांकि कांग्रेस की ओर अम्बरीश कुमार समेत चार कांग्रेसी नेताओं द्वारा नामांकन पत्र खरीद लिए गए थे। इनमें अम्बरीश कुमार, मनोज जैन, डा. संजय पालीवाल व सतपाल ब्रह्मचारी शामिल थे। लम्बी जद्दोजहद के बाद अम्बरीश कुमार के नाम पर कांग्र्रेस हाईकमान ने मोहर लगा दी।
कांग्रेस से अम्बरीश कुमार के नाम की घोषणा होने के बाद अम्बरीश कुमार को बधाई मिलना स्वाभाविक था, किन्तु हुआ इसके विपरीत। टिकट अम्बरीश कुमार को मिला और बधाई सोशल मीडिया पर स्वंय कांग्रेस के नेताओं ने भाजपा के लोकसभा प्रत्याशी डा. रमेश पोखरियाल निशंक को देना आरम्भ कर दिया। सोशल मीडिया पर कांग्रेस नेताओं द्वारा भाजपा प्रत्याशी को मिल रही बधाई से अनुमान लगाया जा सकता है कि कांग्रेस में गुटबाजी किस चरम पर है। और कांग्रेस प्रत्याशी की जीत की राह कितनी आसान होने वाली है।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *