बोरे में मिला महिला का 15 टुकड़ों में शव, सिर गायब, कुत्ते कर रहे थे खींचतान




संजीव शर्मा
मेरठ। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में सोमवार की शाम शमशान के पास एक बोरे में महिला का 15 टुकड़ों में कटा शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव के 15 टुकड़े होने के बावजूद सिर गायब था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव के टुकड़ों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अब महिला की शिनाख्त और उसके ​हत्यारों के बारे में जानकारी करने मेें जुट गई है।
सोमवार की शाम फातिमा गार्डन कॉलोनी के निकट स्थित शमशान के पास खेल रहे कुछ बच्चों की नजर एक प्लास्टिक के बोरे पर गई जिसे कुछ कुत्ते खींच कर इधर उधर ले जाने का प्रयास कर रहे थे। बच्चों ने तुरंत इसकी जानकारी अन्य लोगों को दी, जिस पर मौके पर भीड़ जमा हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर एसपी सिटी अखिलेश नारायण सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में जब बोरे को खोला गया तो उसके अंदर शव के टुकड़े देखकर लोगों के होश उड़ गए। बोरे के अंदर एक महिला के शव के करीब 15 टुकड़े थे। महिला का सिर गायब था। एसपी सिटी अखिलेश नारायण सिंह ने बताया प्रथम दृष्टया देखने से लग रहा है कि महिला की हत्या किसी दूसरे स्थान पर करने के बाद शव के टुकड़े-टुकड़े करके उसे वहां फेंका गया है। एसपी सिटी ने बताया पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरो की फुटेज के सहारे कातिलों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *