प्रयागराज में एक ही परिवार के तीन बुजुर्ग सदस्यों की नृशंस हत्या








Listen to this article

न्यूज 127.
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में सामूहिक हत्याकांड की घटना सामने आने से सनसनी फैल गई है। यहां यमुनानगर के मेजा थाना इलाके के कुकुरकटवा गांव में एक ही परिवार के तीन बुजुर्ग सदस्यों की देर रात नृशंस हत्या कर दी गई। घटना का पता मंगलवार सुबह चला।
मंगलवार सुबह जब घटना का पता चला तो ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना मिलने पर थाना पुलिस के अलावा आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। जानकारी के अनुसार, यह वारदात सोमवार देर रात करीब डेढ़ बजे के आसपास की बतायी जा रही है। मृतकों में दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं, जो एक ही परिवार के थे। बदमाशों ने धारदार हथियार से हमला किया। पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान अमरावती देवी पत्नी नींबूलाल (65), इंद्रावती देवी पत्नी दूधनाथ (62) और श्याम लाल पुत्र गुलजार (65) के रूप में हुई है। तीनों के शव उनके घर से लगभग 20 मीटर की दूरी पर मिले हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिये हैं। मौके पर फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्र किये गए हैं।