संजीव शर्मा
मेरठ। मेडिकल अस्पताल में भर्ती एक कोरोना पॉजिटिव की इलाज के दौरान मौत हो गई। बताया गया कि यह व्यक्ति एक जमाती के संपर्क में आने से कोरोना पॉजिटिव हुआ था। पांच दिन पहले उसकी तबियत खराब होने पर परिजनों से उसे अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां उसमें कोरोना के लक्षण दिखायी देने पर उसकी जांच करायी गई थी। दो दिन पहले उसके कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई थी। इससे पहले भी मेरठ में एक कोरोना पॉजिटिव की मौत हो चुकी है।
कोरोना पॉजिटिव से मरने वाला व्यक्ति अहमदनगर का रहने वाला था। 52 वर्षीय इस व्यक्ति के परिवार के पांच लोगों को भी क्वारेंटाइन किया गया है। कोरोना पॉजिटिव की मौत के बाद जलीकोठी के अहमदनगर इलाके को पूरी तरह सील कर दिया गया है। कोरोना से हुई मौत की पुष्टि जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ विश्वास चौधरी ने की। मृतक के सभी परिजन क्वारेंटाइन होने के कारण किसी को भी उसके पास नहीं जाने दिया गया। मेडिकल अस्पताल से रात में ही उसकी बॉडी को तीन लेयर वाले बैग में पैक करने के बाद कब्रिस्तान में दफना दिया गया। वहीं दूसरी ओर पुलिस ने अहमदनगर इलाके के सभी रास्तों पर बैरियर लगाकर उसे सील कर दिया है।