न्यूज 127.
भारतीय किसान मजदूर उत्थान यूनियन की बैठक श्यामपुर के बाहर पीली स्थित ध्रुव अस्पताल के पास हुई। बैठक में किसानों की मांगों को लेकर विचार-विमर्श किया गया। इसके बाद जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुई आतंकी घटना की कड़े शब्दों में निंदा की गई।
बैठक में पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, हरियाणा सहित कई राज्यों के किसानों ने प्रतिभाग किया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह विर्क ने कहा कि किसानों की फसल की दुर्दशा न हो, उन्हें उसका उचित मूल्य प्राप्त हो सके, इसके लिए यूनियन हमेशा तत्पर है।
उन्होंने कहा कि उनका संगठन किसी से पैसे लेकर काम नहीं करता है। सभी किसान भाइयों की समस्या के समाधान के लिए तुरंत ही आवश्यक कदम उठाए जाते हैं। राष्ट्रीय संरक्षक बालकदास महाराज ने कहा कि आज किसानों को उनकी फसल का उचित मुआवजा नहीं मिल पा रहा है। किसानों की मांगों को लेकर भारतीय किसान मजदूर उत्थान यूनियन लगातार संघर्ष कर रही है।
राष्ट्रीय महासचिव इरशाद अली ने कहा कि संगठन का बहुत तेजी से विस्तार हो रहा है। किसानों की हर समस्या का समाधान करने वाले संगठन में रोजाना सदस्यों का काफिला बढ़ता जा रहा है। महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिता यादव ने कहा कि किसानों का उत्पीड़न और उनके साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कहा कि बैठक में जो भी मुद्दे उठाए गए हैं, वो किसानों की समस्या और संगठन को विस्तार देने के लिए उठाए गए हैं।
इस अवसर पर राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष विनोद कश्यप, प्रेम चंद कश्यप प्रदेश अध्यक्ष पूर्वांचल बुंदेलखंड, जिलाध्यक्ष ग्रामीण रिजवान, कर्मवीर चौधरी, जिला उपाध्यक्ष मो. आलम राजेंद्र प्रसाद त्रिपाठी, संजय, यशपाल चौधरी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।