न्यूज 127, हरिद्वार।
नजीबाबाद-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार शाम एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब चलती कार में अचानक भीषण आग लग गई। चालक की सूझबूझ और हरिद्वार पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि कार पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गई।
जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब 4 बजे रसियाबड़ के समीप टाटा जेस्ट कार लक्सर से टाटवाला (श्यामपुर) की ओर जा रही थी। इसी दौरान कार के बोनट से अचानक धुआं निकलने लगा। स्थिति को भांपते हुए चालक ने तुरंत वाहन को सड़क किनारे रोक दिया और सुरक्षित बाहर निकल गया। कुछ ही पलों में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन धू-धू कर जलने लगा।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली श्यामपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने हाईवे पर यातायात को नियंत्रित करते हुए सुरक्षा घेरा बनाया और अन्य वाहनों व राहगीरों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। पुलिस की तत्परता के कारण किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और संभावित बड़ा हादसा टल गया। सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने बताया कि पुलिस और फायर ब्रिगेड के बीच बेहतर समन्वय, त्वरित कार्रवाई तथा प्रभावी यातायात प्रबंधन के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर बड़ा हादसा होने से बच गया।
चलती कार में लगी आग, चालक से सूझबूझ से बड़ा हादसा टला




