पूजा के दीपक से घर में लगी आग, जलकर राख हुआ सामान




Listen to this article

न्यूज 127.
रायवाला में गोलकोठी के पास एक मकान में आग लगने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर बिग्रेड की टीम ने किसी तरह आग पर काबू पाया। प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण पूजा के दौरान जलाया गया दीपक माना जा रहा है।

जानकारी के अनुसार थाना रायवाला पुलिस को सुबह करीब नौ बजे सूचना मिली की गोल कोठी के पास एक दुकान के ऊपर प्रथम तल के मकान में आग लग गई है। सूचना पर पुलिस तथा फायर की गाड़ी मौके पर पहुँची तथा राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई। मौके पर दमकल के वाहन द्वारा आग पर काबू पाया गया। घटना के संबंध में जानकारी करने पर पता चला कि उक्त मकान में प्रेमचंद पुत्र स्वर्गीय रामाशीष अपने परिवार के साथ रहता है। प्रेमचंद कपड़े की फेरी लगाने का काम करता है। उसकी पत्नी अपने बच्चे के साथ गांव गई हुई है। आज सुबह प्रेमचंद घर में पूजा कर दीया जलाकर फेरी लगाने के लिए निकल गया था। कुछ देर बाद उसके मकान से पहले धुआं निकलता देखा और उसके बाद आग की लपटें दिखने लगी।

आसपास के लोगों ने मकान के अंदर से आग की लपटें निकलती देख पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस और फायर बिग्रेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई। जब तक आग पर काबू पाया गया तब तक मकान के अंदर रखा काफी सामान जलकर नष्ट हो गया। पुलिस का कहना है कि प्रथमदृष्टया पूजा के दीये से घर पर आग लगाना प्रतीत हो रहा है। कोई जन हानि नहीं हुई है। आग लगने के विस्तृत कारणों की जांच की जा रही है।