न्यूज127
श्रद्धा, आस्था और भक्ति से ओतप्रोत कांवड़ मेला-2025 के सकुशल संपन्न होने के बाद, अब हरिद्वार नगर ने स्वच्छता की दिशा में एक नई मिसाल पेश की है। कांवड़ यात्रा की समाप्ति के उपरांत नगर में व्याप्त गंदगी की सफाई हेतु हरिद्वार-रूड़की विकास प्राधिकरण (HRDA) द्वारा एक विशेष सफाई अभियान चलाया गया, जिसका नेतृत्व प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अंशुल सिंह (आईएएस) ने स्वयं किया। अंशुल सिंह ने समस्त प्राधिकरण के कर्मचारियों के साथ नहर पटरी मार्ग पर गंदगी को साफ किया और स्वच्छ हरिद्वार का संदेश दिया।

एचआरडीए के उपाध्यक्ष अंशुल सिंह के नेतृत्व में प्राधिकरण की टीम ने “स्वच्छ हरिद्वार की पुनः स्थापना” की भावना के साथ इस सफाई अभियान की शुरुआत प्रातः 7 बजे शंकराचार्य चौक से गुरुकुल महाविद्यालय तक की गई।

अंशुल सिंह के नेतृत्व में एचआरडीए के सचिव मनीष सिंह सहित समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी जुटे और श्रमदान के माध्यम से मार्गों की सफाई की गई।

सिर्फ यहीं नहीं, अभियान को और आगे बढ़ाते हुए ओम पुल तथा रोड़ी बेलवाला क्षेत्र में भी गहन सफाई और कूड़ा निस्तारण का कार्य किया गया। इस महाअभियान में नगर निगम, हरिद्वार ने भी अपनी अहम भूमिका निभाई, जहां निगम के सफाई कर्मियों और संसाधनों ने भरपूर सहयोग दिया।
यह केवल सफाई नहीं थी, बल्कि एक आस्था के पथ को गंदगी मुक्त करने की जिम्मेदारी थी, जिसे अधिकारियों ने पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ निभाया।

एचआरडीए के उपाध्यक्ष अंशुल सिंह का यह प्रयास प्रशासनिक संवेदनशीलता, व्यक्तिगत पहल और सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्तम उदाहरण बन गया है। यह न केवल अधिकारियों के लिए बल्कि आम जनमानस के लिए भी एक प्रेरणा है कि पवित्रता सिर्फ पूजा स्थलों तक सीमित नहीं, बल्कि पूरे वातावरण की स्वच्छता में निहित है। हरिद्वार, जो भक्ति और संतुलित जीवनशैली का प्रतीक है, आज इस पहल के माध्यम से “स्वच्छता में भी भक्ति” का संदेश साफ दिखाई दिया।





