केजरीवाल के मिशन उत्तराखंड से उड़ रही बड़े दलों की नींद




नवीन चौहान.
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मिशन उत्तराखंड शुरू कर दिया है। इस बार जब वह उत्तराखंड आए तो उन्होंने यहां आम आदमी पार्टी के सीएम चेहरे का एलान भी कर दिया। उन्होंने देहरादून में प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि कर्नल अजय कोठियाल (सेवानिवृत्त) अगामी चुनाव में आप से सीएम पद का चेहरा होंगे। 

केजरीवाल के लगातार बढ़ रहे उत्तराखंड दौरों से दूसरे दलों की नींद भी उड़ रही है। इस समय प्रदेश में भाजपा सबसे अधिक मजबूत पार्टी के रूप में दिखायी दे रही है। लेकिन उसे भी चिंता है कि चुनाव के दौरान टिकट बंटवारे को लेकर विरोध हुआ तो नाराज दावेदार इस बार आम आदमी पार्टी का हाथ थाम सकते हैं। वहीं दूसरी ओर विशेषज्ञों का भी यही कहना है कि फिलहाल केजरीवाल की पार्टी का प्रदेश में कोई वजूद नहीं है लेकिन यदि बागियों ने आप की ओर रूख किया तो यह भाजपा और कांग्रेस दोनों के लिए चिंता का कारण बनेगा।

प्रेसवार्ता के दौरान केजरीवाल ने उत्तराखंड को पूरी दुनिया के हिंदुओं के लिए आध्यात्मिक राजधानी बनाने की बात कही। केजरीवाल आए तो अपनी लोकलुभावन बातों सें जनता को आकर्षित करने का काम भी भी कर गए। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले मनीष सिसौदिया देहरादून आए थे। उन्होंने कहा था कि सीएम चेहरे को लेकर हम जनता की राय जानेंगे। हमनें प्रदेश की जनता से सुझाव लिए हैं। लोगों ने कहा कि जब से उत्तराखंड बना है तो कुछ पार्टी और नेताओं ने उत्तराखंड को लूट लिया। अब हमें पार्टियां नहीं बल्कि देशभक्त फौजी चाहिए। बहुत बड़े स्तर पर लोगों ने कहा कि इन पार्टियों के भरोसे उत्तराखंड आगे नहीं बढ़ सकता। हमें कर्नल अजय कोठियाल ही चाहिए। यह निर्णय आप ने नहीं बल्कि यहां की जनता ने लिया है।

लेकिन अरविंद केजरीवाल को शायद यह नहीं बताया गया कि भाजपा ने कर्नल भुवन चंद्र खंडूरी को अपना सीएम बनाया था। वह फौजी ही थे। यानि प्रदेश की कमान एक इमानदार फौजी संभाल चुका है, लेकिन जनता ने जब चुनाव आए तो दोबारा फौजी को नहीं चुना, जनता ने कांग्रेस को जीता कर सत्ता की कुर्सी पर बैठाया। प्रेसवार्ता में केदारनाथ आपदा के बाद वहां के पुनर्निर्माण का श्रेय भी कर्नल कोठियाल को दे दिया। यानि अब तक वहां जो कार्य प्रदेश की सरकारों ने किये उन सब पर पानी फेर गए केजरीवाल।

उन्होंने कहा कि हम उत्तराखंड को देवभूमि कहते हैं। यहां इतने तीर्थ स्थान हैं। कितने देवी देवताओं का वास है यहां। पूरी दुनिया से हिन्दू यहां श्रद्धा के साथ दर्शन करने आते हैं। कर्नल कोठियाल को केदारनाथ में काम की वजह से लोग भोले का फौजी भी कहते हैं। कर्नल कोठियाल के शान खूब कसीदे पढ़ गए केजरीवाल। इससे पहले वह प्रदेश की जनता को 300 यूनिट फ्री बिजली का प्रलोभन देकर गए थे।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को उत्तराखंड में अपनी पकड़ बनाने के​ लिए काफी मेहनत करनी होगी। भाजपा और कांग्रेस के गढ़ में सेंध लगाना इनता आसान भी नहीं है। दिल्ली में अरविंद केजरीवाल कितना काम कर रहे हैं, जनता उनके कामों से कितना प्रभावित है ये भी प्रदेश की जनता जानती है। केवल पोस्टर पर अपनी वाही वाही प्रचारित करने से जनता ​का दिल नहीं जीता जा सकता। दिल्ली में आज तक जाम की समस्या से जनता को निजात नहीं मिल सकी है। बिजली फ्री की स्कीम का लाभ कितने लोगों को मिल रहा है यह भी वहां की जनता जानती है।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *