नवीन चौहान।
उत्तराखंड में मौसम करवत बदलेगा। एक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में यह बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार 31 जनवरी और 1 फरवरी को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। इसके अलावा ऊंचे इलाकों में बर्फबारी की भी संभावना बनी है।
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार को प्रदेश भर में मौसम शुष्क रहेगा। 31 जनवरी को प्रदेश भर में गर्जन और बिजली चमकने के साथ बारिश होने के आसार हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने कहा, पश्चिमी विक्षोभ के बढ़ने से बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इससे तापमान पर भी असर पड़ेगा। हालांकि आने वाले दिनों में सामान्य तापमान में ज्यादा गिरावट दर्ज नहीं की जाएगी।