न्यूज 127, हरिद्वार।
राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के चेयरमैन सुनील सिंघी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के व्यापारियों की सुरक्षा और हितों को लेकर पूरी तरह संवेदनशील हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा व्यापारियों की सुविधा और सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिससे व्यापारी वर्ग को सीधा लाभ मिल रहा है।
देवपुरा स्थित गुरु मंडल आश्रम में राज्य व्यापार मंडल उत्तराखंड एवं दून वैली उद्योग व्यापार मंडल के तत्वावधान में आयोजित विशाल व्यापारी सम्मेलन को संबोधित करते हुए सुनील सिंघी ने कहा कि जीएसटी में छूट का दायरा बढ़ाया गया है, वहीं आयकर में भी 12 लाख रुपये तक की आय पर राहत प्रदान कर व्यापारियों को बड़ी सुविधा दी गई है। उन्होंने कहा कि भारत तेजी से विकसित राष्ट्र बनने की ओर अग्रसर है और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में व्यापारियों की भूमिका बेहद अहम है। उन्होंने आगे कहा कि व्यापारी कल्याण बोर्ड व्यापारियों के सुझावों को गंभीरता से लेते हुए उनके हितों की रक्षा के लिए संकल्पबद्ध है। सरकार और व्यापारी के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को जीएसटी जैसा महत्वपूर्ण कानून दिया, जो राष्ट्रीय एकता और आर्थिक सुधार के लिए मील का पत्थर साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि किसी भी कानून में समय-समय पर संशोधन आवश्यक होते हैं और जीएसटी परिषद के माध्यम से व्यापारियों के सुझावों को शामिल कर कानून को और बेहतर बनाया जा रहा है।
राज्य व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष राजेंद्र चौटाला ने कहा कि व्यापारी कल्याण बोर्ड ने सरकार और व्यापारियों के बीच सेतु का कार्य किया है, जिससे संवाद और सहयोग की नई संभावनाएं खुली हैं। वहीं कार्यकारी अध्यक्ष सुमित अरोड़ा ने बताया कि सम्मेलन में मध्यम वर्गीय व्यापारियों के लिए स्वास्थ्य बीमा योजना लागू करने और प्रदेश के मॉल एवं कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में 70 प्रतिशत दुकानों का आवंटन स्थानीय व्यापारियों को देने का प्रस्ताव रखा गया।

दून वैली उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष एवं बोर्ड सदस्य पंकज मोसेन ने कहा कि व्यापारी हितों की रक्षा के लिए संगठन हर स्तर पर सक्रिय है और सम्मेलनों के माध्यम से व्यापारियों की आवाज को बुलंद किया जाता रहेगा। कार्यक्रम का संचालन युवा जिलाध्यक्ष विशाल गोस्वामी और महानगर अध्यक्ष संदीप अग्रवाल ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर अखाड़ा परिषद अध्यक्ष रविंद्र पुरी महाराज, महामंडलेश्वर राम मुनि महाराज, पंकज व्यास, सरिता पुरोहित, संतोष पैनोली सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
बारिश में भी दिखा व्यापारियों का जोश
भारी बारिश के बावजूद सम्मेलन में व्यापारियों की भारी उपस्थिति ने उनकी एकता और संगठन की मजबूती को दर्शाया। प्रतिकूल मौसम के बावजूद व्यापारी कई घंटों तक कार्यक्रम स्थल पर डटे रहे। आयोजन को सफल बनाने में पंकज मैसोन और उनकी टीम ने विशेष भूमिका निभाई, जिससे कार्यक्रम पूरी तरह सफल रहा।




