न्यूज 127, हरिद्वार।
सोमवती अमावस्या के अवसर पर हरिद्वार में हुए ऐतिहासिक स्नान पर्व में लगभग 75 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। भारी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन के कारण विभिन्न घाटों एवं सार्वजनिक स्थलों पर बड़ी मात्रा में कूड़ा एकत्रित हुआ, जिसे नगर निगम हरिद्वार ने युद्धस्तर पर अभियान चलाकर समयबद्ध रूप से साफ कर दिया।
नगर निगम की टीम द्वारा पुलिस प्रशासन से वाहनों की अनुमति मिलते ही रात्रि लगभग 9:00 बजे से ही स्वच्छता अभियान प्रारंभ कर दिया गया। अभियान के अंतर्गत विष्णु घाट, अलकनंदा घाट, सुभाष घाट, नई घाट तथा मालवीय घाट सहित सभी प्रमुख स्नान स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया।
सुबह चार बजे तक चला अभियान
नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पूरी रात निरंतर कार्य करते हुए लगभग 90 ट्रैक्टर कूड़ा एकत्रित कर उसका निस्तारण किया। रात्रि 4:00 बजे तक सभी प्रमुख घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों से कूड़ा हटाकर व्यापक सफाई कार्य पूर्ण कर लिया गया, जिससे स्नान पर्व के उपरांत भी शहर की स्वच्छता एवं व्यवस्था बनी रही।
नगरायुक्त ने स्वंय देखा सफाई कार्य
स्वच्छता अभियान के दौरान नगर आयुक्त, नगर निगम हरिद्वार, आईएएस नंदन कुमार द्वारा रात्रि लगभग 2:00 बजे स्वयं मौके पर पहुंचकर सफाई कार्यों का निरीक्षण किया गया। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा बेहतर प्रदर्शन के लिए टीम का उत्साहवर्धन किया।
स्वच्छता की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार श्रद्धालुओं की अभूतपूर्व संख्या के बावजूद निर्धारित समय में सभी प्रमुख घाटों एवं मार्गों की सफाई पूर्ण कर ली गई, जो नगर निगम की सुव्यवस्थित कार्ययोजना एवं कर्मचारियों की अथक मेहनत का परिणाम है। नगर निगम द्वारा चलाया गया यह विशेष स्वच्छता अभियान सोमवती अमावस्या स्नान के सफल एवं स्वच्छ आयोजन की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
अभियान के दौरान ये रहे मौजूद
अभियान के दौरान उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, सफाई निरीक्षक धीरेंद्र सेमवाल सहित नगर निगम की समस्त स्वच्छता टीम पूरी रात मुस्तैदी के साथ कार्य में जुटी रही।




