एसएसजे यूनिवर्सिटी के एनसीसी कैडेट्स राजपथ पर करेंगे कदम ताल




नवीन चौहान.
सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय, अल्मोड़ा परिसर में स्थापित 77 वीं NCC बटालियन के 05 कैडेट्स राजपथ पर चलने वाली गणतंत्र दिवस परेड में विभिन्न कार्यक्रमों में प्रतिभाग करेंगे। इन कैडेट्स द्वारा गणतंत्र दिवस पर भागीदारी करने से विश्वविद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है।

बटालियन के ए.एन.ओ कैप्टन (डॉ.) देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि सार्जेंट निकिता राणा गणतंत्र दिवस परेड का हिस्सा बनकर पूरी शान से राजपथ पर चलेंगी। अंडर ऑफीसर पुष्पेश अलमिया, अंडर ऑफीसर गौरव सिंह, कैडेट शक्ति सिंह और कैडेट अंकित सुप्याल सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं प्रधानमंत्री रैली में अपनी सांस्कृतिक विधाओं को प्रस्तुत करेंगे।

उत्तराखंड के विभिन्न पर्वतीय क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाले ये पांचों होनहार एन.सी.सी. कैडेट्स एसएसजे विश्वविद्यालय, अल्मोड़ा परिसर की 77 वीं एन.सी.सी. बटालियन के कैडेट्स हैं। इन सभी होनहार कैडेट्स ने राजपथ तक पहुँचने के लिए कई स्तरों पर कठिन प्रशिक्षणों में अपनी योग्यता को साबित कर यह मुकाम पाया।

कैप्टन बिष्ट ने आगे बताया कि गणतंत्र दिवस परेड का हिस्सा बनने के लिए पूरे देश से एन.सी.सी. के कैडेट्स का चयन विभिन्न प्रतियोगिताओं द्वारा किया जाता है। उक्त पांचों कैडेट्स विगत 05 महीनों से कड़ी मेहनत के साथ अपने घरों से दूर रहते हुए गणतंत्र दिवस परेड का हिस्सा बनकर न केवल विश्वविद्यालय बल्कि हमारे उत्तराखंड और अल्मोड़ा की सांस्कृतिक धरोहर का प्रतिबिंब बनकर गणतंत्र दिवस में अपनी योग्यता का लोहा मनवाने के लिए तैयार हैं।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो नरेंद्र सिंह भंडारी ने इन कैडेट्स की मेहनत की भूरी भूरी प्रशंसा करते हुए इसे समस्त विश्वविद्यालय परिवार के लिए बड़े ही गौरव का विषय बताया।

सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय अल्मोड़ा परिसर के एन. सी.सी अधिकारी कैप्टन (डॉ.) देवेंद्र सिंह बिष्ट अपने कैडेटों की इस उपलब्धि से बेहद प्रसन्न हैं और उन्होंने कैडेटों की इस उपलब्धि का श्रेय कैडेटों के माता पिता, कुलपति प्रो. नरेंद्र सिंह भंडारी, एन. सी.सी बटालियन के समादेशक कर्नल अनिल बोस, परिसर के अधिष्ठाता प्रशासन प्रो. प्रवीण सिंह बिष्ट, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो.इला साह और एन. सी.सी के समस्त प्रशिक्षकों को दिया है।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *