राहुल गांधी की एनएसए डोभाल पर टिप्पणी उत्तराखंड के गौरव और स्वाभिमान पर चोट: मदन कौशिक




Listen to this article

न्यूज 127, हरिद्वार।
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल को लेकर राहुल गांधी द्वारा की गई कथित टिप्पणी पर उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कड़ा रोष जताया है। एक प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने इस बयान को देश की सुरक्षा से जुड़े एक बड़े व्यक्तित्व के साथ-साथ पूरे उत्तराखंड के गौरव और स्वाभिमान पर सीधा हमला करार दिया है।

मंत्री मदन कौशिक ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष से इस मामले में पार्टी का आधिकारिक रुख स्पष्ट करने की मांग की। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या राहुल गांधी का यह बयान कांग्रेस पार्टी की मूल सोच को दर्शाता है और क्या प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व इस टिप्पणी से सहमत है? यदि नहीं, तो इस पर स्पष्ट जवाब दिया जाना चाहिए। कौशिक ने कहा कि अजीत डोभाल ने अपना पूरा जीवन देश की आंतरिक और बाहरी सुरक्षा के लिए समर्पित किया है, और उनकी पहचान किसी राजनीतिक पद से नहीं बल्कि दशकों की राष्ट्रसेवा से है।

उन्होंने उत्तराखंड के सैन्य योगदान का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य ने देश को जनरल बिपिन रावत और अजीत डोभाल जैसे वीर सपूत दिए हैं, जिन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा में अभूतपूर्व भूमिका निभाई है। ऐसे सम्मानित और वरिष्ठ अधिकारियों को राजनीतिक विवादों में घसीटते समय प्रदेश की भावनाओं का पूरा ध्यान रखा जाना चाहिए।

कौशिक ने कांग्रेस पार्टी के पुराने बयानों की भी कड़ी आलोचना की। उन्होंने वर्ष 2017 में तत्कालीन सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत के खिलाफ की गई अमर्यादित टिप्पणी का हवाला देते हुए कहा कि कांग्रेस नेता हमेशा से सर्जिकल स्ट्राइक, बालाकोट एयरस्ट्राइक और अन्य सैन्य कार्रवाइयों के सबूत मांगकर सेना के मनोबल को कमजोर करने का प्रयास करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे संवेदनशील मुद्दों पर राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हो सकते हैं, लेकिन देश के सुरक्षाबलों और रक्षा विशेषज्ञों के सम्मान की मर्यादा हमेशा बनी रहनी चाहिए।

प्रेसवार्ता के दौरान मेयर किरण जैसल, विधायक आदेश चौहान, मीडिया के प्रदेश सह प्रभारी विकास तिवारी और सुभाष चंद्र सहित कई प्रमुख कार्यकर्ता मौजूद रहे।