सांसद की छह साल की पोती ने कोरोना को दी मात और पटाखे ने ले ली जान




नवीन चौहान
सांसद रीता बहुगुणा जोशी की छह साल की पोती ने कोरोना संक्रमण को तो मात दे दी। लेकिन एक पटाखे ने उसकी जान ले ली। मासूम बच्ची पटाखे की आग से झुलस गई। उसे गंभीर हालत में अस्पाल में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार भाजपा सांसद रीता बहुगुणा जोशी के बेटे मयंक जोशी की छह साल की बेटी पटाखे से झुलस गई थी। जिसके चलते उसकी मंगलवार को मृत्यु हो गई। उसके निधन से परिवार के सभी सदस्यों में शोक की लहर है।

जानकारी के अनुसार दिवाली की रात पटाखे से झुलसने के बाद यूपी की प्रयागराज सीट से भाजपा सांसद रीता बहुगुणा जोशी की पोती कीया को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बताया जा रहा है कि दिवाली के दिन सांसद की बहू रिचा बेटी कीया को साथ लेकर पोनप्पा मार्ग स्थित अपने मायके गईं थीं। मीडिया रिपोर्टस के अनुसार वहां बहुत सारे बच्चे घर की छत पर खेल रहे थे। इस दौरान किसी ने पटाखा जलाया जिससे कीया बुरी तरह झुलस कर घायल हो गई। परिजन उसे लेकर तत्काल अस्पताल पहुंचे। बताया गया कि कीया पटाखे की आग से करीब 60 प्रतिशत तक जल गई थी। सांसद रीता बहुगुणा जोशी के इकलौते बेटे मयंक की शादी 2007 में हुई थी। कीया उनकी इकलौती बेटी थी।

बतादें अभी कुछ ही दिन पहले रीता बहुगुणा जोशी की बहू रिचा के साथ पोती कीया भी कोरोना पॉजीटिव पाई गई थीं। पहले तीनों को पीजीआई लखनऊ में भर्ती कराया गया था लेकिन बाद में तीनों को दिल्ली के मेदांता अस्तपाल में शिफ्ट किया गया था। कीया ने उस वक्त कोरोना को तो मात दे दी लेकिन अब पटाखे की आग से झुलस कर उसकी मौत हो गई।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *