पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर चोर गिरोह, लाखों की नकदी और ज्वेलरी बरामद








Listen to this article

न्यूज 127, हरिद्वार।
लक्सर क्षेत्र में बंद घर में सेंध लगाकर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम देने वाले दो शातिर चोरों को हरिद्वार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब दो लाख रुपये की नकदी और चोरी का माल बरामद किया है। दोनों आरोपी पूर्व में भी चोरी की घटनाओं में जेल जा चुके हैं।
जानकारी के अनुसार 10 मई को मेहरबान अली निवासी सुल्तानपुर, कोतवाली लक्सर ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि अज्ञात चोर उनके घर से नकदी और ज्वेलरी चोरी कर ले गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर कोतवाली लक्सर पुलिस ने अलग-अलग टीमों का गठन कर जांच शुरू की।
मैनुअल और डिजिटल पुलिसिंग के जरिए पुलिस ने आरोपियों तक पहुंच बनाई और 12 मई को दो आरोपियों को चोरी के माल सहित गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी नशे के आदी हैं और अपने शौक व जरूरतों को पूरा करने के लिए चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी कई दिनों से मेहरबान अली के घर की रैकी कर रहे थे। घटना वाले दिन जब घर खाली मिला तो दोनों दीवार फांदकर अंदर घुसे और गोदरेज की अलमारी का लॉक तोड़कर नकदी व ज्वेलरी चोरी कर फरार हो गए।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम शौकीन उर्फ पौसा पुत्र कल्लू हसन, निवासी दादाखान मोहल्ला, सुल्तानपुर, लक्सर, हरिद्वार, साकिब उर्फ काला पुत्र सगीर, निवासी दादाखान मोहल्ला, सुल्तानपुर, लक्सर, हरिद्वार बताए गए हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनका चालान कर दिया है।