श्री सिद्धबली हनुमान मंदिर राज विहार कालोनी जगजीतपुर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविन्द्र पुरी महाराज की गरिमामयी उपस्थिति व मंदिर के परमाध्यक्ष आलोक गिरि महाराज के सानिध्य में 6 सितम्बर को मनाया जाएगा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व के संबंध में जानकारी देते हुए मंदिर के परमाध्यक्ष आलोक गिरि महाराज ने बताया कि श्री सिद्धबली हनुमान मंदिर में 64 कलाओं से परिपूर्ण योगेश्वर भगवान श्रीकृष्ण का प्रकटोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा, जिसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंदिर को भव्य प्रकार से सजाया गया है। सुन्दर झांकियों के द्वारा भगवान श्रीकृष्ण के प्रकटोत्सव का सजीव चित्रण किया जाएगा। जिसमें बाहर से कलाकारों को आमंत्रित किया गया है। इस दौरान भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का जहां सजीव चित्रण होगा वहीं सत-महात्मा भगवान की लीलाओं का अपने मुखारविन्द से वर्णन कर प्रेम व भक्ति की रसधारा का प्रवाह करेगें। बताया कि 6 सितम्बर की रात्रि में भगवान के प्रकटोत्सव रात्रि 12 बजे भगवान का अभिषेक, पूजन-अर्चन, 56 भोग व महाआरती का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने समस्त धर्मप्रेमी जनता से भगवान योगेश्वर श्रीकृष्ण के प्रकटोत्सव शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने का अनुरोध किया है।