मेरठ.
यूपी के मेरठ जिले में एक महिला ने अपनी तीन बेटियों पर कैंची और ब्लेड से वारकर घायल करने के बाद खुद की गर्दन भी काट ली। गंभीर हालत में सभी को अस्पताल ले जाया गया जहां एक दो साल की बच्ची को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंंची पुलिस ने घटना की जानकारी की।
जानकारी के अनुसार गुरुवार को ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के खुशहाल नगर समर कालोनी में यह घटना सामने आयी। महिला और उसकी घायल दो बेटियों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार प्राथमिकी जांच में यह पता चला है कि महिला मानसिक रूप से बीमार है, उसका इलाज भी चल रहा है। जिस समय महिला ने इस घटना को अंजाम दिया उस वक्त उसका पति काम से बाहर गया हुआ था। पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है। डॉक्टरों ने घायल दोनों बेटियों की हालत में कुछ सुधार बताया है जबकि महिला की हालत गंभीर बनी है।