तमंचे से फायरिंग कर जान से मारने की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार










Listen to this article

न्यूज 127, हरिद्वार।
कलियर थाना क्षेत्र में होटल स्वामी पर तमंचे से फायरिंग कर जान से मारने की धमकी देने की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। कलियर थाना पुलिस ने इस मामले में 22 वर्षीय आरोपित विशु सैनी को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया 12 बोर का तमंचा भी बरामद किया गया है। घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, 24 अगस्त को बेड़पुर कलियर निवासी सुहेब ने थाना कलियर में तहरीर देकर बताया था कि त्यागी ढाबा, बेड़पुर चौक के पास कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने उस पर जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायर किया। आरोपितों ने जान से मारने की धमकी भी दी और मौके से फरार हो गए। तहरीर के आधार पर थाना कलियर में मुकदमा अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत विशेष टीम गठित की। टीम ने डिजिटल साक्ष्यों के साथ-साथ मैनुअल स्तर पर भी जांच आगे बढ़ाई और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान घटना में विशु सैनी का नाम प्रकाश में आया। पुलिस टीम ने आरोपित विशु सैनी पुत्र अरुण कुमार निवासी उम्र 22 वर्ष, ग्राम गुम्मावाला, थाना पिरान कलियर, हरिद्वार को खादर वाली रोड से हिरासत में लिया। पूछताछ और उसकी निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया 12 बोर का तमंचा बरामद कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, फायरिंग की घटना के पीछे खाने-पीने को लेकर होटल स्वामी से हुई रंजिश सामने आई है। आरोपित ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर होटल स्वामी को सबक सिखाने की योजना बनाई थी। पुलिस अब घटना में शामिल अन्य सहयोगियों की तलाश में जुटी है।